17 को कार्यकर्ता तय कर देंगे इनेलो पार्टी किसकी है : डा. अजय चौटाला
डा. अजय चौटाला ने कहा कि इनेलो कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कोई एक व्यक्ति इस पार्टी पर दावा नहीं कर सकता। 17 नवंबर को जींद में पार्टी कार्यकर्ता ही तय कर देंगे की वह किसके साथ हैं
संवाद सहयोगी, हांसी : इनेलो के पूर्व सांसद डा. अजय चौटाला ने कहा कि इनेलो कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कोई एक व्यक्ति इस पार्टी पर दावा नहीं कर सकता। हमें पार्टी को लेकर दावा करने की जरूरत नहीं है 17 नवंबर को जींद में पार्टी कार्यकर्ता ही तय कर देंगे की वह किसके साथ हैं।
डा. अजय सिंह चौटाला अपने पुत्र सांसद दुष्यंत चौटाला के साथ लंबे समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे इनेलो के वरिष्ठ नेता और पूर्व चेयरमैन विजय जैन के आवास पर पहुंचे और दुष्यंत चौटाला ने जैन की पत्नी के साथ करीब आधे घंटे तक बातचीत की। लंबे समय से राजनीतिक वनवास झेल रहे विजय जैन ने डा. अजय सिंह और दुष्यंत चौटाला का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया के बीच कहा कि उनकी आस्था अजय चौटाला के साथ जुड़ी है और वो डा. अजय के साथ रहेंगे। रूठे हुए जैन को मनाना डा. अजय चौटाला की डिम्लोमेसी माना जा रहा है।
डा. अजय ने पैरोल पर आने के बाद जनसभा में ऐलान किया था कि वो पार्टी के समर्पित व निष्ठावान कार्यकर्ता जो पिछले पांच वर्षो से प्रताड़ित हो रहे थे उन्हें मनाने के लिए वो उनके घर जाएंगे। बाद में डा. अजय ने पत्रकारों के समक्ष कहा कि सामाजिक और राजनीतिक रिश्ते अलग-अलग होते हैं।
उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के जैन के कार्यालय में चाय पीने पर कहा कि टेम्परेरी चाय तो कोई भी पी सकता है लेकिन विजय जैन की चाय परमानेंट मैं ही पीऊंगा। पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए डा. अजय ¨सह चौटाला ने कहा कि पार्टी पर छाये संकट के बादल जल्द ही छट जाएंगे। प्रतिपक्ष के नेता अभय चौटाला द्वारा विधायकों और प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाए जाने के प्रश्न पर डा. अजय ने कहा कि उनके समय में तीन महीने में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जाती थी और ये बैठक इनेलो सुप्रीमों ओम प्रकाश चौटाला के आदेश पर ही होती थी। ऐसी कोई परिस्थितियां नहीं आई थी कि कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जाए। इनेलो विधायकों व कार्यकारिणी के सदस्यों को 17 नवंबर तक हाईजैक किए जाने की चर्चाओं पर डा. अजय ने कहा कि प्रजातंत्र है और जनता सब कुछ देख और जान रही है।
दुष्यंत चौटाला की राव इंद्रजीत से मुलाकात पर बोलते हुए कहा कि दो राजनीतिक व्यक्तियों के बीच राजनीति की चर्चा होना स्वाभाविक है। इस अवसर पर विधायक अनूप धानक, पूर्व जिला अध्यक्ष उमेद लोहान, राजेंद्र लितानी, बाली भाटोल, राजीव शर्मा, रविंद्र सैनी, अनिल मित्तल, कृष्ण मलिक सरपंच, बेदा सोरखी, कपूर दूपेल, नंद लाल सरपंच, मा. ओम प्रकाश पहलवान, सज्जन गोयल, सुभाष बेनीवाल, धार मेहंदा, संतोष पानू, सेवापति आदि उपस्थित थे।