पंजाब पुलिस का जवान हूं, बैरिकेड्स हटाओ, कहा- और आधी रात को टोल नाके पर चला दी गोली
टोल कर्मियों ने जब टोल टैक्स मांगा तो कार सवार एक युवक ने पिस्ताैल निकाल कर गोली चला दी जोकि टोल प्लाजा के कैबिन को छूती हुई शीशा तोड़कर निकल गई। वारदात के बाद आरोपित कार मोड़कर वापस सिरसा की ओर फरार हो गए।
सिरसा, जेएनएन। सिरसा के डबवाली क्षेत्र में गांव खुइयां मलकाना के पास बीती रात कार सवार युवकों ने टोल नाके पर हंगामा किया। कार सवार युवक बिना टोल अदा किऐ जाना चाहते थे और खुद को पंजाब पुलिस का बता रहे थे। टोल कर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे जबरदस्ती जाने लगे। बाद में कार सवार एक युवक ने पिस्ताैल निकाल कर गोली चला दी जोकि टोल प्लाजा के कैबिन को छूती हुई शीशा तोड़कर निकल गई। वारदात के बाद आरोपित कार मोड़कर वापस सिरसा की ओर फरार हो गए। टोल प्लाजा के प्रबंधक ने घटना के बारे में सदर डबवाली थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सदर डबवाली व ओढ़ां थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी देते हुए टोल प्लाजा के प्रबंधक सागर लुगानी ने बताया कि रात करीब 12 बजे सिरसा की तरफ से एक वरना आई और टोल की पांच नंबर लाइन में पहुंची। कार पर फास्टटेग का स्टीकर लगा हुआ था परंतु कार सवारों ने फास्टटेग जेब में डाला हुआ था। टोल प्लाजा पर तैनात कर्मी ने जब टोल राशि मांगी तो कंडक्टर साइड बैठे युवक ने खुद को पंजाब पुलिस का जवान बताते हुए बेरिकेड्स हटाने को कहा। प्रबंधक ने बताया कि इसके बाद टोल कर्मी ने उसे फोन कर सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो कार सवार युवक बहस कर रहा था तो बेरिकेड्स हटाने की जिद कर रहा था। प्रबंधक ने आरोप लगाया कि कार सवार शराब पिये हुए थे।
इसी दौरान उसने घटना के बारे में सदर डबवाली पुलिस को सूचना दे दी। टोल पर तैनात कर्मचारियों ने इकट्ठा होकर कार सवार को रोकने का प्रयास किया तो खुद को पंजाब पुलिस का जवान बता रहे युवक ने रिवाल्वर निकाल कर गोली चला दी जोकि काउंटर के शीशे को तोड़कर निकल गई। गोली चलने के बाद वहां हंगामा मच गया और कर्मचारी इधर उधर भागने लगे। प्रबंधक ने आरोप लगाया कि उक्त युवक ने उस पर भी पिस्तौल तानी और बाद में कार को वापस मोड़ते हुए सिरसा की तरफ फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलने के बाद डबवाली व ओढ़ां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोल भी बरामद किये। टोल प्लाजा पर लगे सीसी कैमरों की रिकार्डिंग जांची जा रही है। टोल प्रबंधक सागर लुंगानी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।