कार सवार ने पैदल जा रहे बाप-बेटे को कुचला, बाप की मौत, बेटे की हालत गंभीर
सतनाम सिंह अपने बेटे बूटा सिंह के साथ दूध लेकर घर जा रहा था। दोनों पैदल चल रहे थे। डबवाली की ओर से आई कार दोनों को कुचलकर फरार हो गई।
डबवाली, जेएनएन। तेज रफ्तार कार ने बाप-बेटे को कुचल दिया। मौके पर ही बाप की मौत हो गई। जबकि बेटे को गंभीर हालत में सिरसा रेफर कर दिया गया। हादसा डबवाली गांव में कालांवाली रोड पर रविवार रात को हुआ। मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रुप में हुई है। रात करीब 8 बजे अपने बेटे बूटा सिंह के साथ दूध लेकर घर जा रहा था। दोनों पैदल चल रहे थे। डबवाली की ओर से आई कार दोनों को कुचलकर फरार हो गई।
उपचार के लिए दोनों को डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। चिकित्सक ने सतनाम को मृत करार दिया। पुलिस ने मृतक के भाई मलकीत सिंह के बयान पर फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके वारिसों को सौंप दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार कालांवाली रोड पर उनकी ढाणी है। रात को वह घर के आगे खड़ा हुआ था। उसकी आंखों के सामने ही तेज रफ्तार कार ने उसके भाई तथा भतीजे में सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक गाड़ी को भगा ले गया। उसके पड़ोसी चानन सिंह ने कॉल करके एंबुलेंस को मौका पर बुलाया था।
बाइक चालक को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत
जाखल : जाखल- चंडीगढ़ रोड पर ट्रक की चपेट मे आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की रविवार देर शाम को मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव म्योंद खुर्द निवासी 30 वर्षीय तोती के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक ड्राइवर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार तोती जाखल चंडीगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप पर काम करता था। रविवार शाम को वह काम खत्म कर अपने गांव जा रहा था। जैसे ही बाइक लेकर निकला तो सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे तोती गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक चालक संजय को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच अधिकारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए थे। वही लोगों को चालक ने पहले ही पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।