बहादुरगढ़ में बाइक पर जा रहे पिता और बेटी को मारी गोली, एक की मौत
बहादुरगढ़ में बाइक पर जा रहे पिता और उसकी बेटी को गोली मार दी गई। हमले में बेटी की मौत हो गई।
हिसार/बहादुरगढ़, जेएनएन। बहादुरगढ़ में हत्या की वारदात सामने आई। बाइक पर अपने पिता के साथ जा रही युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं पिता गंभीर है। मामला छारा गांव का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहादुरगढ़ के छारा गांव निवासी ऋषि की बेटी ऊषा की शादी गुरुग्राम के बसई में हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वालों से उसका विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि समझाने के बावजूद ससुराल वाले नहीं माने। इससे ऊषा मायके आ गई थी।
सुबह ऊषा अपने पिता के साथ छारा गांव से बाइक पर बस अड्डे की तरफ जा रही थी। तभी कुछ हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे पिता और बेटी को गोली लगी। दोनों जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज लोग दौड़े तो हमलावर वहां से भाग निकले। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां बेटी को मृत बताया गया। वहीं पिता को पीजीआइ में रेफर कर दिया गया।
परिजनों का कहना है कि ऊषा का ससुराल वालों से कई दिनों से विवाद चल रहा था। उन्हें शक है कि ससुराल वालों ने ही उसकी हत्या करवाई है। उनका घर छारा गांव में गिरावड़ रोड पर खेत में है। ऐसे में घर से कुछ ही दूरी पर वारदात को अंजाम दिया गया। जहां वारदात हुई वह सुनसान जगह थी। इससे कोई आरोपितों को नहीं देख पाया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा।