यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेटी के शादी के लिए परिवार गया होटल, चोरों ने मकान में घुसकर 5 लाख की नकदी और आभूषण चुराए
हिसार में एक चोरी का मामला सामने आया है जिसमें परिवार बेटी की शादी के लिए होटल में गया था। ...और पढ़ें

हिसार, जागरण संवाददाता। हिसार में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही है। चोर नित नए तरीके अपनाकर चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे है। ताजा मामले में गांव स्याहड़वा में एक परिवार लड़की की सगाई की रस्म पूरी करने के लिए हिसार शहर में एक निजी होटल में गया हुआ था। उस दौरान चोरों ने दिनदहाड़े ही उनके मकान के पिछले हिस्से से प्रवेश किया और घर से पांच लाख रुपये की नकदी समेत आभूषण चोरी कर लिए।
पांच लोगों पर लगा चोरी का आरोप
मामले में गांव स्याहड़वा निवासी विकास ने पांच लोगों पर चोरी का आरोप लगाया है। उसने आजाद नगर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी है। शिकायत में उसने बताया कि 25 मार्च की सुबह करीब 10.30 बजे वह अपने परिवार सहित उसकी बहन रितु की सगाई की रस्म के लिए हिसार के लजीज होटल में गया था। जब वे शाम करीब 6.30 बजे वापिस अपने घर पहुंचे तो उसके कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर सामान संभाला तो कमरे से पांच लाख रुपये की नकदी और दो जोड़ी कानों के बाले और एक सोने की अंगूठी गायब मिली। तब उसकी बहन रीतु ने 112 नंबर पर काल करके चोरी के बारे में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए है। विकास ने बताया कि उसकी बहन की शादी करीब डेढ़ महीने बाद करने की योजना है। जिसके लिए उन्होंने पैसे और गहने जमाकर रखे थे। उसके घर के आगे सीसीटीवी कैमरे है, लेकिन चोरों ने चोरी मकान के पिछले हिस्से से घुसकर की है। उनके मकान के पीछे धर्मबीर, कर्मबीर एवं भीम का मकान है। आरोप है कि इस चोरी में धर्मबीर, कर्मबीर, प्रभुराम, अमित, भीम सिंह इश्वर सिंह शामिल है। पुलिस ने शिकायत पर पांच लोगों पर चोरी के आरोप पर तहत धारा 454/380 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
