Move to Jagran APP

काम की खबर... हाउस टैक्स में 25 फीसद छूट और पूरा ब्याज माफ, 31 मार्च तक करें अदायगी

हाउस टैक्स वसूलने के लिए सिरसा में लगाए जाएंगे विशेष कैंप। 31 मार्च तक हाउस टैक्स अदा करने वालों को सरकार ने दी है विशेष छूट। सरकारी विभागों से बकाया हाउस टैक्स की अदायगी के लिए अधिकारियों से किया जाएगा संपर्क।

By Umesh KdhyaniEdited By: Published: Sat, 09 Jan 2021 03:43 PM (IST)Updated: Sat, 09 Jan 2021 03:43 PM (IST)
जिन लोगों का बकाया हाउस टैक्स है, उन्हें बिल वितरित किए जाएंगे।

हिसार/सिरसा, जेएनएन। सिरसा की दो नगर परिषदों व तीन नगर पालिकाओं के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में बकाया हाउस टैक्स के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। राज्य सरकार ने बकाया हाउस टैक्स की अदायगी के लिए 31 मार्च तक विशेष छूट दी है। इस अवधि के दौरान अधिक से अधिक बकाये की वसूली के लिए नगर परिषद विशेष मुहिम चलाएगी। जिन लोगों का बकाया हाउस टैक्स है, उन्हें बिल वितरित किए जाएंगे।

loksabha election banner

जिन प्रतिष्ठानों पर कई सालों से हाउस टैक्स के रूप में बड़ी राशि बकाया है, उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी नगर परिषद व नगरपालिका क्षेत्र में वार्ड वाइज कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से बकाया हाउस टैक्स की वसूली होगी। कालांवाली नगर पालिका के अंतर्गत विशेष कैंप लगाए गए थे, जिनका सकारात्मक असर देखने को मिला था। जिले में अनेक क्षेत्र तो ऐसे हैं, जहां पिछले 15 सालों से हाउस टैक्स बकाया है। 

सरकारी विभागों से बकाये के लिए अधिकारियों से करेंगे संपर्क

जिले के अंतर्गत आने वाले सरकारी भवनों के बकाया हाउस टैक्स की अदायगी के लिए भी विशेष अभियान चलेगा। इसके तहत संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर बकाया राशि की वसूली के लिए आग्रह किया जाएगा। जिले में सरकारी भवनों से भी हाउस टैक्स के रूप में बड़ी राशि बकाया है। विभागीय अधिकारी बकाया हाउस टैक्स की अदायगी को लेकर गंभीर नहीं होते, जिस कारण हर वर्ष राशि बढ़ती जाती है। 

2010-11 से लेकर 2016-17 तक के बकाया करें अदा

स्थानीय निकाय विभाग द्वारा बकाया हाउस टैक्स की वसूली के लिए 31 मार्च तक विशेष छूट दी है। इस छूट के अंतर्गत 2010-11 से लेकर 2016-17 तक के बकाया हाउस टैक्स अदा करने वालों को 25 फीसद छूट दी जा रही है। इसके अलावा ब्याज में सौ फीसद छूट दी जा रही है। इसके साथ ही नियमित हाउस टैक्स अदा करने वालों को सरकार द्वारा 10 फीसद छूट दी जा रही है। 

सिरसा में 12 हजार लोगों ने ही की टैक्स अदायगी

सिरसा नगर परिषद के अंतर्गत करीब 75 हजार यूनिट आती हैं। दिसंबर महीने के अंत तक 12 हजार लोगों ने ही हाउस टैक्स की अदायगी की है। जिले में अब तक चार करोड़ 70 लाख रुपये की राशि हाउस टैक्स के रूप में एकत्रित हुई है। सिरसा नगर परिषद सहित डबवाली नगर परिषद व कालांवाली, रानियां व ऐलनाबाद नगर पालिका के अंतर्गत हाउस टैक्स बकायेदारों की लंबी सूची है।   

टैक्स की वसूली के लिए चलेंगी विशेष कैंपेन 

नगर आयुक्त संगीता तेतरवाल ने बताया कि जिले में सभी नगर परिषद व नगर पालिका क्षेत्र में हाउस टैक्स की वसूली के लिए विशेष कैंपेन चलाया जाएगा। सभी क्षेत्रों में वार्डवाइज कैंप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी विभागों के भवनों पर बकाया हाउस टैक्स की वसूली के लिए अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.