राज्यसभा चुनाव के चार दिन बाद भी नहीं पता, किस कांग्रेस विधायक का वोट हुआ रद
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं काउटिंग एजेंट विवेक बंसल की भूमिका के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि उनको सभी विधायकों ने अपना वोट दिखाया था। जिस विधायक का वोट रद हुआ है उसका वोट देख सके या नहीं यह तो वहीं बता सकते हैं।
रोहतक, जागरण संवाददाता। राज्यसभा चुनाव के बाद चार दिन बाद भी यह नहीं पता लग पाया है कि कांग्रेस विधायक का वोट रद हुआ था। वहीं नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में जमकर खरीद-फरोख्त हुई है। इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला और महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने इसको लेकर सार्वजनिक रूप से कहा भी है। लेकिन इसके बावजूद अभय सिंह चौटाला ने उसी उम्मीदवार को अपना वोट दे दिया। कांग्रेस में जिस विधायक की वोट रद हुई है, पार्टी आलाकमान इसकी जांच कर रहा है। काउंटिंग एजेंट को उस विधायक का बैलेट नंबर पता है।
खरीद-फरोख्त का आरोप लगाने वाले अभय चौटाला ने खुद उसी उम्मीदवार को दिया वोट
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं काउटिंग एजेंट विवेक बंसल की भूमिका के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि उनको सभी विधायकों ने अपना वोट दिखाया था। जिस विधायक का वोट रद हुआ है, उसका वोट देख सके या नहीं, यह तो वहीं बता सकते हैं। कांग्रेस पार्टी चुनावी नतीजे पर मंथन कर रही है। आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई को भाजपा पार्टी की तरफ से प्रस्ताव के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि विधायक पद से इस्तीफा दें और चले जाएं, उनको किसने रोका है।
भाजपा डा. सांसद अरविंद शर्मा द्वारा सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर हुड्डा ने कहा कि यह बात वह कई बार कह चुके हैं। आज तक प्रदेश में इससे भ्रष्ट सरकार नहीं आई। इस सरकार में एक के बाद एक घोटाले हो रहे हैं। लेकिन ना सही तरीके से जांच होती है और ना ही किसी बड़ी मछली पर कार्रवाई की जाती है। कबीर जयंती समारोह में सांसद को मंच पर जगह नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि यह उनका पार्टी का अंदरूनी मामला है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के पास पूरे कार्यकाल में गिनवाने लायक कोई काम नहीं है। सरकार कभी जिले, कभी सड़क तो कभी गांव का नाम बदलकर कार्यकाल पूरा कर रही है। यह सिर्फ बदला बदली की सरकार है। भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से राहुल गांधी पर कार्रवाई कर रही है। लेकिन हमें न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है। कांग्रेस पुरजोर तरीके से राहुल गांधी के साथ खड़ी है।