दुकान खोलने की बात कह घर से निकला था 82 वर्षीय बुजुर्ग, बस की ग्रिल से झूलता मिला शव
प्राइवेट बस की छत से जुड़ी सीढिय़ों पर दिल्ली के रहने वाले एक वृद्ध ने अपनी पगड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान 82 वर्षीय सरदार गुरविंद्र सिंह दिल्ली निवासी के रूप में हुई
बहादुरगढ़, जेएनएन। लॉकडाउन में लोग अपने घरों में है तो तनाव भी बढ़ने लगा है। वहीं अभी आत्महत्या करने के मामले भी सामने आ रहे हैं। वजह भले ही केवल लॉकडाउन न हो, मगर केसों में बढ़ोतरी हो रही है। एक ऐसा ही मामला और सामने आया है। बहादुरगढ़ के गौरेया पर्यटन केंद्र के नजदीक खड़ी एक प्राइवेट बस की छत से जुड़ी सीढिय़ों पर दिल्ली के रहने वाले एक वृद्ध ने अपनी पगड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी।
उद्योगपति नवीन मल्होत्रा की ओर से फंदे पर लटके वृद्ध के शव का फोटो उद्यमियों के साथ-साथ दिल्ली के व्हाट्सएप ग्रुप में डाला तो उसकी शिनाख्त हुई। दोपहर को पहुंचे परिजनों को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान 82 वर्षीय सरदार गुरविंद्र सिंह निवासी तिलकनगर दिल्ली के रूप में हुई है।
गुरविंद्र ने इलेक्ट्रोनिक्स की दुकान कर रखी थी। लॉकडाउन के दौरान इलेक्ट्रोनिक्स की दुकानों को दी गई छूट के चलते वह बुधवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों को दुकान खोलने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों ने उसे मना भी किया लेकिन वह नहीं माना। देर रात तब जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कुछ पता नहीं चला।
परिजनों ने संबंधित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। बृहस्पतिवार की सुबह गुरविंद्र का शव बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक रोड पर गौरेया पर्यटन केंद्र के नजदीक खड़ी एक प्राइवेट बस की लोहे की सीढिय़ों पर फंदे से झूलता हुआ मिला। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक तौर पर भी कुछ परेशान चल रहा था। उसे शुगर था।