दीपेंद्र हुड्डा ने कसा तंज, कहा- अहंकार में चल रही भाजपा के रथ के पहिये अब थमेंगे
एक प्रश्न के जवाब में दीपेंद्र ने कहा कि अब नारा बदल गया है - अबकी बार 75 पार नहीं अबकी बार भाजपा बाहर का नारा चल पड़ा है। कहा भाजपा राज में बेरोजगारों की फौज बढ़ी है।
रोहतक, जेएनएन। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अहंकार और घमंड में चल रही भाजपा के रथ के पहिए अब थम जाएंगे। प्रदेश की जनता ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग होकर सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी ने प्रदेश संगठन में जो बदलाव किया है, उससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह बना हुआ है। हुड्डा जिला में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा भाजपा राज में बेरोजगारों की फौज बढ़ी है, बेरोजगारी में हरियाणा बना नंबर वन हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कांग्रेस हाईकमान की तरफ से ऐसे फैसले का इंतजार था कि प्रदेश से भाजपा सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने के लिये कांग्रेस मजबूती से लड़ाई लड़े। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि अब नारा बदल गया है - अबकी बार 75 पार नहीं, अबकी बार भाजपा बाहर का नारा चल पड़ा है।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को विपक्ष का नेता, कांग्रेस विधायक दल का नेता और चुनाव संचालन समिति का अध्यक्ष बनाकर चुनाव की कमान सौंपे जाने के लिए उनका धन्यवाद किया। साथ ही कुमारी शैलजा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी दिए जाने पर उन्होंने उन्हें बधाई दी । मुख्यमंत्री को अपनी जन-आशीर्वाद यात्रा में इस रिकार्ड तोड़ बेरोजगारी का ब्यौरा भी युवाओं को देना चाहिए।