घोड़ी पर निकाला एमए पास बेटी का बनवारा, लोग बोले- बदल रहा है हरियाणा
बेटी का बनवारा निकालने पर गांव में खुशी का माहौल रहा। लोगों ने कहा कि बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं। इस तरह की पहल जारी रहनी चाहिए।
भिवानी, जेएनएन। म्हारी छोरी छोरों से कम है के, ये बात खेलों को लेकर तो हरियाणा में साबित हो ही चुकी है। तो वहीं हरेक क्षेत्र में अब ये प्रचलन शुरू हो गया है। बेटियों के साथ भेदभाव करने जैसी बातों को दरकिनार करते हुए अब हरियाणा नई मिसाल पेश कर रहा है। एक ऐसा ही उदाहरण भिवानी के गांव प्रेम नगर में भी देखने को मिला। जब यहां किसान परिवार में पैदा हुई गीता का बनवारा घोड़ी पर निकाला गया।
बेटी का बनवारा निकालने पर गांव में खुशी का माहौल रहा। लोगों ने कहा कि बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं। इस तरह की पहल जारी रहनी चाहिए। गीता को कृष्ण हॉकी प्रशिक्षक के घर से घोड़ी पर पूरे गांव में घूमाया गया। कोच ने कहा कि भतीजी को घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकालने की उनकी इच्छा थी और साथ ही बेटी की भी इच्छा थी। इसलिए यह निर्णय लिया गया।
सुखबीर कोकी व राजेंद्र दूहन, महासचिव जय भारत हॉकी संघ ने बताया कि गीता की शादी 25 फरवरी को होगी। हम सभी परिवार वालों ने विचार किया था कि गीता की लड़कों की तरह धूमधाम से शादी करेंगे। इसलिए बनवारा लड़कों की तरह घोड़ी पर बैठाकर निकाला गया है। गीता के दादा चौ. बलबीर ङ्क्षसह दूहन ने पौती को आशीर्वाद दिया।
कृष्ण ढाण्डा हॉकी प्रशिक्षक व सुखबीर कोकी के इस कार्य के लिए सभी गांव वालों व सामाजिक संगठनों ने प्रशंसा की। गीता ने बताया कि मुझे अपने माता-पिता, दादा-दादी व परिवार वालों पर गर्व है। इन्होंने मुझे बेटों जैसा मान-सम्मान दिया। सभी लड़कियों के माता-पिता को भी इस तरह के आयोजन करने चाहिए, जिससे बेटियों को मान-सम्मान मिलता रहे। इस अवसर पर हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के प्रधान विनोद ङ्क्षपकू ने भी स्मृति चिह्न देकर गीता को सम्मानित किया। इस अवसर पर धर्मेंद्र, निशांत, मनदीप, संदीप, भूपेंद्र, रमेश, विकास श्योराण, मनेंद्र, सोनू, विकास ढाण्डा, राजेंद्र दूहन, सुखबीर कोकी, जोगेंद्र बूरा, लीला बूरा, सुभाष दूहन, विरेंद्र दूहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राजनीति शास्त्र में एमए कर रही है गीता
गांव प्रेमनगर निवासी गीता चौ. धजाराम जनता महाविद्यालय बुटाना, गोहाना से राजनीति शास्त्र में एमए कर रही हैं। वह दो भाइयों की इकलौती बहन हैं। गीता की शादी हांसी के गांव उमरा में 25 फरवरी को होनी तय है। शादी समारोह में घर में जोर शोर से तैयारी चल रही हैं। मंगल गीत हो रहे हैं। परिवार में खुशी का माहौल है। पिता कृष्ण दूहन खेतीबाड़ी करते हैं। गीता के पति सिंचाई विभाग में क्लर्क हैं।