परिवार गया था बाहर, घर में घुसकर नाबालिग चचेरी बहन से किया दुष्कर्म
किसी काम से उनका एक चचेरा भाई घर में पहुंचा तो वह सामने का नजारा देखकर हैरान रह गया। दुष्कर्म करने वाला युवक उन दोनों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
हिसार, जेएनएन। दुष्कर्म का एक और मामला सामने आया है। जिले के एक गांव में एक युवक रिश्ते में लगने वाले अपने चाचा के घर में घुस गया। उसने 17 वर्षीय चचेरी बहन अकेली मिलने पर रिश्ते को तार-तार करते हुए उससे दुष्कर्म कर डाला। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को एक गांव में करीब 17 साल की लड़की घर में अकेली थी। उसके परिवार के सदस्य खेत में लावणी करने गए हुए थे। दोपहर बाद करीब चार बजे लड़की के ताऊ का बेटा उनके घर आ गया। उसने उसे अकेली पाकर हाथ से उसका मुंह बंद कर लिया और फिर दुष्कर्म कर डाला।
किसी काम से उनका एक चचेरा भाई घर में पहुंचा तो वह सामने का नजारा देखकर हैरान रह गया। दुष्कर्म करने वाला युवक उन दोनों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। बाद में मामला परिजनों तक पहुंचा। परिजन पीडि़ता को लेकर महिला थाना प्रभारी बिमला देवी के पास पहुंचे और एक लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
आठ साल की लड़की से छेड़छाड़ करने का आरोपित चाचा गिरफ्तार
जिले के एक गांव में दूसरी कक्षा में पढऩे वाली आठ साल की एक मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपित चाचा को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बच्ची के 30 साल के चाचा के खिलाफ शनिवार को केस दर्ज किया था। बच्ची ने पुलिस को बयान देकर कहा था कि वह दूसरी कक्षा में पढ़ती है। उसके पिता नौकरी करते हैं।
पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय युवक रिश्ते में उसका चाचा लगता है। 7 अप्रैल को दोपहर को 12.30 बजे वह घर में अकेली थी। उसके पिता ड्यूटी पर और मां चूड़ी लेने दुकान पर गई थी। चाचा उसे फोन चलाने का लालच देकर अपने घर में ले गया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। बाद में बच्ची के चाचा ने किसी को बात बताने पर पिता को जान से मारने की धमकी दी। बच्ची ने कहा कि वह धमकी से डर गई और उसने किसी को कुछ नहीं बताया। शनिवार को अपनी मां को उसने किसी तरह आपबीती बताई तो वे उसे थाने लाए। सदर थाना पुलिस ने नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया था।