सिरसा की कोरोना पॉजिटिव महिला ICU से सामान्य वार्ड में शिफ्ट, भेजा जाएगा दूसरा सैंपल
सिरसा में एक महिला व दो बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले थे। पति व कालोनी के आठ लोगों के सैंपल आए निगेटिव साथ पढऩे वाले एक बच्चे में खांसी जुकाम होने पर जांच के लिए भेजे सैंपल।
सिरसा, जेएनएन। सिरसा की एक काॅलोनी में करीब तीन दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हालात में सुधार हो रहा है। रोहतक पीजीआइ में भर्ती कोरोना पॉजिटिव महिला को आइसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है जबकि उसके पति की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। उसका पति सिरसा नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन में भर्ती अपने बच्चों के पास पहुंच चुका है। पिता के पहुंच जाने के बाद कोरोना संक्रमित दोनों बच्चे भी खुश है और उनकी तबीयत भी ठीक है। बच्चों के साथ रहते हुए पिता संक्रमित न हो इसके लिए उसे पीपी किट पहनाई गई है। बच्चों के सैंपल भेजे गए हैं तो वहीं महिला की हालत स्थिर बनी हई है और अभी जांच के लिए दूसरा सैंपल भेजा जाना है।
8 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
नागरिक अस्पताल द्वारा जांच के लिए भेजी गई आठ रिपोर्ट निगेटिव आई है। ये सभी रिपोर्ट कोरोना संक्रमित महिला के परिजनों व आसपास रहने वाले आशंकित लोगों की थी। इसके साथ ही संक्रमित बच्चों के साथ पढऩे वाले 66 बच्चों व उनके संपर्क में आने वाले 13 अध्यापकों की भी पहचान की गई है। इनमें से एक बच्चे में खांसी जुकाम के लक्षण पाए जाने पर उसकी रिपोर्ट जांच के लिए भेजी गई है जबकि बाकी सभी को होम क्वारंटाइन के आदेश दिए गए हैं।
संपर्क में आने वाली 22 महिलाएं भी क्वारंटाइन में
स्वास्थ्य विभाग ने महिला द्वारा की गई किट्टी पार्टी में उसके संपर्क में आने वाली 22 महिलाओं की भी पहचान की है। हालांकि किसी महिला में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं। सभी महिलाओं को घरों में ही क्वारंटाइन में रहने के आदेश दिये गए है।
कालोनीवासी क्वारंटाइन में, बाहर पुलिस का पहरा
बांसल कालोनी को सील किया गया है तथा वहां किसी को जाने की इजाजत नहीं है। कालोनी में रहने वाले परिवार घरों में ही क्वारंटाइन है। कालोनी के चारों तरफ पुलिस का पहरा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बृहस्पतिवार को भी जांच के लिए पहुंची। वहीं घरों में रह रहे लोगों ने कृषि विज्ञान केंद्र में बनाए कंट्रोल रूम में संपर्क कर राशन, दूध इत्यादि की मांग की। कालोनी के आगे से होकर जाने वाली सड़क पर भी आने जाने पर पाबंदी लगाई गई है।
---कोरोना संक्रमित महिला के दोनो बच्चों की तबीयत में सुधार हो रहा है। महिला के पति की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। संक्रमित बच्चों के संपर्क में आने वाले एक बच्चे में खांसी जुकाम के लक्षण मिले है, उसके जांच के लिए सैंपल भेजा गया है।
- डा. वीरेश भूषण, डिप्टी सिविल सर्जन।