भिवानी में तब्लीगी जमात के दो लोगों में Coronavirus की पुष्टि, तीन स्वास्थ्य कर्मी क्वारंटाइन
भिवानी में तब्लीगी जमात के दो लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। निजामुद्दीन से 22 लोग लौटे थे। इनमें से आठ लोगों के सैंपल भेजे गए थे।
हिसार/भिवानी, जेएनएन। भिवानी में निजामुद्दीन से आए तब्लीगी जमात के दो लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक मानहेरू तो दूसरा संडवा गांव का रहना वाला है। एक की उम्र 52 तो दूसरी की 28 साल है। जिले में दो केस पॉजिटिव आने के बाद से हड़कंप मचा है। वहीं देर रात इन दोनों को अस्पताल लाने वाले तीन कर्मचारियेां को भी क्वारंटाइन किया गया है।
भिवानी में दिल्ली निजामुद्दीन मरकज से लौटे 22 व्यक्तियों को बाबा योगीनाथ अस्पताल लोहानी में बने क्वारंटाइन सेंटर भेजा गया है। शुक्रवार को इन 22 व्यक्तियों में से 8 व्यक्तियों के सैंपल लेकर कोरोना वायरस की जांच के लिए भेजा गया। इसमें से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि छह की निगेटिव है।
वापस भेज दिया गया था घर
स्वास्थ्य विभाग ने नौ व्यक्तियों को जांच के बाद सामान्य पाए जाने पर वापस घर भेज दिया है। आठ व्यक्तियों के सैंपल लेकर जांच के लिए पीजीआइ भेजे गए थे। इनमें से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
देर रात पहुंची टीम
देर रात दोनों को लेने के लिए टीम पहुंची। टीम में एक हेल्थ इस्पेक्टर और ईएनटी कर्मी भी था। दोनों तब्लीगी जमात के लोगों को सिविल अस्पताल भेजा गया। वहीं उनके साथ आए दो स्वास्थ्य कर्मियों को क्वारंटाइन किया गया। इसके अलावा गांव में भी पुलिस तैनात कर दी गई।
भेजी गई लिस्ट में 84 व्यक्ति अन्य जिलों के मिले
सिविल सर्जन डा. जितेंद्र कादयान ने बताया कि अभी तक 471 यात्रियों की लिस्ट राज्य मुख्यालय से विभाग को प्राप्त हुई है। जिनमें से 31 यात्री विदेश चले गए थे एवं 84 यात्री दूसरे जिले व दूसरे राज्यों से है। कुल संख्या में से 387 ऐसे यात्री पाए गए जो भिवानी जिले से थे।
अफवाहों पर ना दें ध्यान
कोविड-19 के जिला भिवानी के कोर्डिनेटर डा. राजेश ने बताया कि कोरोना वायरस के चलते जिले के सभी नागरिकों से बार-बार यह आह्वान भी किया कि कोई भी व्यक्ति किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें, क्योंकि विभाग द्वारा समय-समय पर संबंधित जानकारी दी जा रही है।
चरखी दादरी में अभी तक नहीं मिला कोई कोरोना पॉजिटिव
दादरी के सरकारी अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती लोगों की संख्या शुक्रवार को 17 हो गई। इससे पहले यह संख्या 10-12 तक ही थी। जिसके चलते इन्हें सरकारी अस्पताल की पहली मंजिल पर बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में ही रखा जा रहा था। लेकिन बृहस्पतिवार रात तथा शुक्रवार को आइसोलेट किए जाने वाले लोगों की संख्या 17 होने पर अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भी लोगों को भर्ती किया गया। इनमें से 13 लोग मुस्लिम समुदाय से संबंध रखते हैं।
सभी में नहीं मिले कोरोना के लक्षण
हालांकि इन सभी लोगों में कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं पाए गए है। लेकिन विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर इन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक जिले से 14 सैंपल कोरोना की जांच के लिए रोहतक पीजीआइ में भेजे जा चुके हैं। जिनमें से 11 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी हैं तथा तीन सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। दादरी के सरकारी अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मुस्लिम समुदाय के लोग जिले के गांव नांधा, हिंडोल, झोझू, मंदोला तथा चरखी के रहने वाले हैं। इनमें से केवल दो महिलाओं के सैंपल ही जांच के लिए भेजे गए थे। विभाग पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है।
हर रोज करते हैं मेडिकल चेकअप: डा. संजय
उल्लेखनीय है कि बीती 16 मार्च को तब्लीगी जमात के मुंबई निवासी 18 लोग निजामुद्दीन से भिवानी होते हुए दादरी पहुंचे थे। इनमें से दो लोग 18 मार्च को ही वापिस चले गए थे। बाकि बचे हुए ये 16 लोग दादरी की जामा मस्जिद में रह रहे हैं। हालांकि इनमें भी कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं पाए गए। डिप्टी सीएमओ डा. संजय गुप्ता ने बताया कि दादरी की जामा मस्जिद में रह रहे तब्लीगी जमात के इन सभी 16 लोगों के स्वास्थ्य की हर रोज दो बार जांच की जा रही है। निजामुद्दीन मरकज से 16 मार्च को दादरी आए तब्लीगी जमात के ये 16 लोग दादरी जिले के विभिन्न गांवों में भी गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान तब्लीगी जमात के ये लोग दादरी जिले के विभिन्न गांवों तथा दादरी शहर में 250 से अधिक लोगों के संपर्क में आए थे।
सूचना मिलते ही पहुंच रही पुलिस
गौरतलब है कि तब्लीगी जमात के मरकज में कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद अफवाहें भी जोर पकड़ने लगी है। ऐसे मामलों में लोगों से सूचना मिलते ही पुलिस भी किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के बजाय तुरंत मौके पर पहुंच रही है। बृहस्पतिवार रात को किसी ने पुलिस को सूचना दी कि दादरी के लाधान पाना क्षेत्र में भी मुस्लिम समुदाय से जुड़े कुछ लोग रह रहे हैं। जिस पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा उक्त लोगों से पूछताछ की। हालांकि यहां पर भी सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ थे।