हरियाणा में कोहरे के साथ बढ़ी ठंड, अस्पताल में खांसी-जुकाम के बढ़े मरीज
हांसी में कोहरे और ठंड बढ़ने से नागरिक अस्पताल में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिसमें बच्चे और बुजुर्ग अधिक प्रभावित हैं।
-1794850292525_m.webp)
हरियाणा में कोहरे के साथ-साथ ठंड बढ़ गई है। फाइल फोटो (जागरण)
HighLights
हांसी में ठंड और कोहरे से बढ़े खांसी-जुकाम के मरीज।
बच्चे और बुजुर्गों में गला खराब, बुखार की शिकायतें अधिक।
अस्थमा व हृदय रोगियों को ठंडी हवा से बचने की सलाह।
जागरण संवाददाता, हांसी। जिले के कई इलाकों में सुबह कोहरा छाया रहा। सुबह और शाम की ठंड बढ़ने के साथ नागरिक अस्पताल की ओपीडी में खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डाक्टर विशेष के अनुसार, ऐसे मरीजों में बच्चे और बुजुर्ग अधिक हैं।
बच्चों में गला खराब होने के बाद खांसी और बुखार की शिकायत भी देखने को मिल रही है। डाक्टरों ने अस्थमा, सांस की पुरानी बीमारी और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाम के समय धुंध के साथ धुआं घुलने से सड़क पर दूर तक देखना मुश्किल हो जाता है। गांवों से लेकर शहर के बाजारों तक शाम की आवाजाही पर इसका असर दिख रहा है। कुछ लोगों ने गले में जलन, आंखों में खुजली और सिरदर्द की शिकायत बताई।
दोपहिया चालकों का कहना है कि कम दृश्यता में वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों के अनुसार, कोहरे के दौरान हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। अस्पताल में सांस फूलने और खांसी की शिकायत वाले मरीज भी पहुंच रहे हैं।
हवा धीमी पड़े तो जमीन के पास ठहरते हैं धूल और धुएं के कण
नवंबर में तापमान गिरने और हवा की रफ्तार कम होने पर धूल और धुएं के कण जमीन के पास ठहर सकते हैं। हवा में नमी बढ़ने पर धुआं, धूल और वाहनों से निकले प्रदूषक धुंध के साथ मिल जाते हैं। धुएं और धुंध के इस मिश्रण को स्माग कहा जाता है। शाम के समय इसकी परत गहरी होने पर दृश्यता और घट सकती है।
सांस फूलने या सीने में दर्द होने पर तुरंत लें मदद
डाक्टरों के अनुसार, ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से सांस की नलियों में सिकुड़न हो सकती है। इससे अस्थमा के मरीजों में खांसी, सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न बढ़ सकती है।
सांस और हृदय रोग से पीड़ित लोग सुबह-शाम ठंडी हवा में निकलने से बचें और अपनी नियमित दवाएं डाक्टर की सलाह के बिना बंद न करें। सांस लेने में ज्यादा दिक्कत या सीने में दर्द होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।