सीएम मनोहर लाल ने कहा, बरोदा में भाजपा का कमल खिलेगा
भारतीय जनता पार्टी ने रोहतक में कोर ग्रुप की बैठक की थी। इसमें सीएम मनोहर लाल भी पहुंचे। कांग्रेस भी दो दिन पहले कर चुकी। बरोदा में जात-पात से ऊपर उठकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे।
रोहतक, जेएनएन। बरोदा उपचुनाव को लेकर सियासत लगातार गर्माती नजर आ रही है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सीएम मनोहर लाल ने निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें कहा गया था कि मुख्यमंत्री बरोदा में प्रचार करने से बच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहले भी बरोदा में प्रचार करने गए थे और आगे भी जाएंगे। सीएम ने रोहतक में वीरवार को भाजपा ने बरोदा चुनाव को लेकर कोर ग्रुप और अन्य नेताओं के साथ बैठकें की थी। इसके बाद शुक्रवार को कैनाल रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरोदा की जनता जात-पात से ऊपर उठकर उपचुनाव में मतदान करने का मन बना चुकी है। भाजपा का कमल बरोदा में खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने छह साल में जिस तरह से प्रदेश में समान रूप से विकास किया है, बरोदा इसी विकास पर अपनी मुहर लगाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा में जो प्रस्ताव पारित किया गया है, वो किसान के हित में नहीं है। केवल गेहूं और धान की फसल एमएसपी से कम खरीदने पर सजा का जिक्र है। लेकिन अन्य फसलों की खरीद का क्या होगा। ऐसे कानून से किसानों को कोई फायदा नहीं होने वाला है। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर, जिला अध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य नेता मौजूद थे।
रोहतक में ही सीएम मनोहर लाल रुके। यहां पर लोगों से मुलाकात भी की। सुबह जल्दी उठे। बाबा मस्तनाथ मठ के महंत एवं अलवर से सांसद बाबा बालक नाथ योगी भी रेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ हिसार से विधायक कमल गुप्ता भी मौजूद थे। तीनों ने एक साथ नास्ता किया। इसके बाद कमल गुप्ता के साथ ही हेलीकाप्टर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।