बच्चों के साथ बच्चे बने सीएम,कबड्डी-कबड्डी बोल खेले, बच्चे बोले- पकड़ो-पकड़ो Hisar news
सीएम के आगमन को लेकर शहरवासियों में इस बार राहगीरी का काफी क्रेज था। करीब 35 हजार लोगों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन भी करवाया था। अलसुबह लोगों की भीड़ जमा होने लगी। शहर का अलग रंग था
हिसार, जेएनएन। हिसार की एचएयू यूनिवर्सिटी में राहगीरी के दौरान सीएम मनोहर लाल का एक अलग रूप देखने को मिला। वो राहगीरी में बच्चों के साथ बच्चे बने नजर आए। सुबह होते ही शहरवासियो की मौजूदगी हजारों की संख्या में दिखीं और हर कोई राहगीर कार्यक्रम के शुरू होने का इंतजार कर रहा था। इतना ही नहीं कर्मचारी और अधिकारी भी बच्चों के साथ मस्ती करते नजर आए। सीएम मनोहर लाल करीब सुबह साढ़े छह बजे कार्यक्रम में लोवर और टीशर्ट डालकर पहुंचे। उनके साथ विधायक कमल गुप्ता व अन्य नेता भी इसी परिधान में नजर आए।
सीएम मनोहर लाल ने मंच से सभी को संबोधित किया तो वहीं रोड पर चल रही अनेक प्रकार की गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों के साथ कबड्डी भी खेली, तो वहीं कबड्डी कबड्डी भी बोलते हुए नजर आए। इसके अलावा सीएम मनोहर लाल ने बच्चों के साथ शतरंज भी खेली। बच्चे भी सीएम के साथ जल्द ही काफी घुल मिल गए और उन्होंने खूब मस्ती की।
रोड पर नहीं मिली खड़े होने की जगह
सीएम के आगमन को लेकर शहरवासियों में इस बार राहगीरी का काफी क्रेज नजर आया। करीब 35 हजार लोगों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन भी करवाया था। अलसुबह लोगों की भीड़ जमा होने लगी और देखते देखते सड़क पर खड़े होने की जगह भी नहीं रही। कार्यक्रम के दौरान, हरियाणवी नृत्य, कैरम बोर्ड, रस्सा कस्सी, पेंटिंग व अन्य तरह की कई विधाएं आयोजित की गई थी। इस दौरान रूट काे भी डायवर्ट किया गया और कई स्कूलों के बच्चों ने प्रस्तुतियां दी।
मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी एवं एडीजीपी ओपी सिंह और उपायुक्त अशोक कुमार मीणा की देखरेख में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय राहगीरी के प्रथम पुरस्कार वितरण कार्यक्रम करवाया गया। मुख्यमंत्री को पुलिस की घुड़सवार टुकड़ी यहां तक लेकर आई। सर्वप्रथम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, तत्पश्चात गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक टीमें भंगड़ा व ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री को हकृवि में लेकर गई।
हकृवि परिसर में प्रवेश के बाद हरियाणा के इंटरनेशनल खिलाडि़यों ने इंडिया कलर में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके लिए योगेश्वर दत्त, गीता फौगाट, ममता खरब, साक्षी मलिक, गीतिका जाखड़, रानी रामपाल, रमेश गुलिया, सरदारा सिंह , संदीप राजपूत व परमजीत समोता जैसे 11 विख्यात खिलाडिय़ों को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री मुख्य स्टेज पर गए। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा स्वागत गीत व केसरिया बालम जैसे गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया।