जज्बातों से जो खेलेगा, उसको दिन में तारे दिखा देंगे : सीएम मनोहर लाल
कलानौर रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राष्ट्रवाद और भारत की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वालों को हिदायत दी
कलानौर (रोहतक) जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के तेवर पहले की तुलना में बदलते नजर आ रहे हैं। वे चुनावी जनसभा में विपक्ष पर न केवल तीखे वार कर रहे हैं बल्कि चेतावनी भरा लहजा भी दिखने को मिल रहा है। सोमवार को कलानौर में आयोजित विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने राष्ट्रवाद और भारत की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वालों को हिदायत भी दे डाली। उन्होंने कहा कि सेना के पराक्रम व भारत माता की तरह अंगुली उठाने वालों की अंगुली काट कर फेंक देंगे बुरी नजर से देखने वालों की आंख फोड़ डालेंगे। इतना ही नहीं कोई जज्बातों से खेलना चाहेगा तो उसे दिन में तारे दिखाने का काम करेंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वंशवाद की राजनीति पर तीखे वार किए। उन्होंने कहा कि अब दादा-बाप-बेटे व पोते की राजनीति के युग का अंत समय आ गया है। अब जनता अपनी मनसंपद सरकार चुन रही है। पहले बाप-दादाओं की राजनीतिक कमाई उनकी पीढिय़ां खाती थीं और मनचाहे ओहदों पर रहती थीं।
हरियाणा में कई पीढिय़ां मठाधीश बनकर बैठी हुई थी, जिससे जनता ने खत्म करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा के साथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछली चार पीढिय़ों से गरीबी हटाने का नारा दे रही है, परंतु अभी तक गरीबी नहीं हटी है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठा रही है और सबूत मांग रही है। इससे सेना के मनोबल को ठेस पहुंची और कांग्रेस ने सेना के पराक्रम और देशभक्ति पर प्रश्न चिह्न लगाया है। मगर हरियाणा में देश भक्ति कूट-कूट कर भरी हुई है। यहां से हर घर में से कोई न कोई सेना में है। यहां के लोग अपनी सेना की ताकत को समझते हैं। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पप्पू कहा और हरियाणा के दौरे पर उनके आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की सरसों का एक-एक दाना मंडियों में खरीदा जाएगा। लेकिन केवल हरियाणा के किसान की सरसों खरीदी जाएगी। अगर कोई राजस्थान व अन्य राज्यों से सस्ती दर पर सरसों खरीदकर मंडी में बेचना चाहेगा, तो यह नहीं होने दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप