फुटवियर कंपनी के सिविल इंजीनियर की तेजधार हथियार से हत्या, फ्लैट में मिला शव
बहादुरगढ़ में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। फुटवियर कंपनी के सिविल इंजीनियर की हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे वजह और आरोपितों के बारे में अभी नहीं हो पाया है खुलासा। रात को मृतक विजय के पास पहुंचे दोस्तों से की जा रही है पूछताछ।
झज्जर, जेएनएन। फुटवियर कंपनी के एक सिविल इंजीनियर विजय लौहान की उन्हीं के किराये के फ्लैट में तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। विजय हिसार के नारनौंद का रहने वाला था। सोमवार को दोपहर बाद पुलिस ने मौके से शव बरामद किया। हत्या क्यों और किसने की, यह अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नारनौंद के वार्ड छह के मूल निवासी विजय लौहान कई साल से यहां एचएसआइआइडीसी के प्लाट नंबर 88 में चल रही फुटवियर एंड क्लोथिंग कंपनी में बतौर सिविल इंजीनियर कार्यरत थे और ओमेक्स अपार्टमेंट के ईडब्ल्यूएस फ्लैट में किराये पर रहते थे। सोमवार को जब ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो उनके पास फोन भी किया गया। मगर किसी ने नहीं उठाया। दोपहर बाद कंपनी से साथी कर्मचारी पता करने आए।
पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में पहुंचे तो देखा कि बाहर से दरवाजे का लॉक लगा हुआ है। उन्होंने आवाज दी। मगर कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद जब दरवाजा खोला गया तो अंदर लहूलुहान हालत में विजय का शव फर्श पर था। सिर में व हाथ पर तेजधार हथियार से वार किया गया था। दीवारों पर भी खून के छींटे थे।
घटना का पता लगते ही एसएचओ और डीएसपी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। शाम को शव सिविल अस्पताल भेजा गया। उधर, नारनौंद से विजय के परिजन व कई रिश्तेदार यहां पहुंच गए। विजय की हत्या क्यों और किसने की यह खुलासा अभी नहीं हो सका है। पूरे मामले पर पर्दा गिरा हुआ है।
रात को आए थे तीन दोस्त
अभी तक की जांच में इतना पता चला है कि रात को विजय के पास उसके तीन दोस्त आए थे। जबकि मेरठ का रहने वाला उसका रूम मेट दीपक शनिवार को घर चला गया था। वह सोमवार को सीधे कंपनी में पहुंच गया। इधर, रात को विजय के पास आए दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक तो वे यही कह रहे हैं कि वे तो उसे ठीकठाक छोड़कर चले गए थे। बाद में क्या हुआ, उन्हें नहीं पता। इधर, परिजनों ने भी अभी किसी पर शक नहीं जताया है। मृतक विजय के चाचा सज्जन सिंह की शिकायत पर केस दर्ज हुआ है।