आज भी बारिश की संभावना, 30 जनवरी से फिर छाएगी धुंध, अभी बढ़ेगी सर्दी
मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 29 जनवरी तक बादलवाई व कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बूंदाबांदी संभावित है।
हिसार, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर बीते सोमवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिससे प्रदेश में रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं दिन के समय मंगलवार को धूप निकली, मगर एक बार फिर से बादलों ने आसमान में सूर्य को छिपा दिया। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार यानि आज भी बारिश की संभावना है। वहीं बुधवार को सुबह ही धुंध छा गई, इसके बाद हल्की धूप भी निकल आई, मगर मौसम पलट सकता है।
हिसार में सोमवार को 6.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। हिसार में दिन का तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा तो रात्रि का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। मंगलवार को भी तापमान इसके आसपास ही रहा। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 29 जनवरी तक बादलवाई व कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बूंदाबांदी संभावित है।
30 जनवरी से अल सुबह व देर रात्रि को धुंध आने की संभावना है। वहीं यह बारिश फसलों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। ओलावृष्टि नहीं हुई तो किसानों के लिए यह बारिश राहत भरी होगी। वहीं ठंड से फरवरी महीने में ही राहत मिलेगी। अभी सर्दी की मार और झेलनी होगी। बर्फीली हवाओं के कारण दिन के वक्त भी हाथ पांव ठिठुर रहे हैं और यह ठिठुरन अभी बनी रहेगी।
प्रदेश में यह रहा तापमान
जिला- अधिकतम तापमान- न्यूनतम तापमान- बारिश
हिसार- 19.9- 10.4- 6.6 एमएम
अंबाला- 16.9- 10.2
भिवानी- 16.2- 8.6 -7एमएम, ओलावृष्टि
चंडीगढ़- 19.0- 12.1
फरीदाबाद- 22.2- 10.5
गुरुग्राम- 20.0- 10.5
करनाल- 16.4- 10.0
कुरुक्षेत्र- 16.4- 10.0
नारनौल- 20.6- 10.5
रोहतक- 19.1- 9.2- 6 एमएम
सिरसा- 16.5- 11.8- बूंदाबांदी
झज्जर- 18- 7 - 4एमएम
दादरी- 17- 7- 10एमएम
फतेहाबाद - 16- 6 - 10 एमएम, ओलावृृष्टि
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।