तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर लिव इन में रखकर दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज
किराये के मकान में रह रही एक तलाकशुदा महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर लिव इन में रखकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता मूल रूप से सिरसा की रहने वाली है।
जागरण संवाददाता, हिसार: किराये के मकान में रह रही एक तलाकशुदा महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर लिव इन में रखकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता मूल रूप से सिरसा की रहने वाली है। पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि उसका पति से आठ साल पहले तलाक हो चुका है। करीब 14 महीने पहले उसकी बुआ ने उसके रिश्ते की बात भिवानी के गांव ढिगावा के युवक के साथ चलाई थी। उस युवक ने उससे शादी करने से इन्कार कर दिया था। इसी दौरान उसकी फोन पर शादी से इन्कार करने वाले युवक के भाई सुनील के साथ फोन पर बातचीत होने लगी। जनवरी 2021 में सुनील उसे अपने गांव ले गया। इस दौरान सुनील ने अपने माता-पिता को विश्वास दिलाया कि वह उससे शादी कर लेगा और उसके बच्चों को भी रखेगा। सुनील ने उसके साथ शादी का झांसा देकर अपने घर में रखकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब भी वह सुनील को शादी के लिए कहती तो वह टालमटोल करता। इसके बाद सुनील ने शादी से इन्कार कर दिया। सुनील उसके साथ मारपीट कर घर से निकालने की धमकी देने लगा। इस कारण उसने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को शिकायत दे दी। लेकिन सुनील के विश्वास दिलाने पर उसने समझौता कर लिया। लेकिन मार्च में आरोपित उसे हिसार शहर में एक किराये के मकान में छोड़ गया। 26 अप्रैल को सुनील उसका सामान भी उसके पास छोड़ गया। साथ ही उसे धमकी दी कि वह दोबारा उसके घर आई तो वह उसे जान से मार देगा।