यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अजब-गजब : बॉक्सर अमित पंघाल इटली में, घर पर खड़ी गाड़ी, गुरुग्राम में कट गया टोल टैक्स
अमित पंघाल टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों को लेकर इटली में ट्रेनिंग लेने गए हुए हैं। शुक्रवार को उनके मोबाइल पर मानसेर टोल प्लाजा से टैक्स कटने का मैसेज आया। मैसेज देखकर एक बार तो आश्चर्य हुआ क्योंकि गाड़ी उनके घर पर खड़ी थी। स्वजनों से संपर्क किया तो पता चला।

जागरण संवाददाता, रोहतक : दुनिया के नंबर-वन रैंक बाक्सर अमित पंघाल टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों को लेकर इटली में ट्रेनिंग लेने गए हुए हैं। शुक्रवार को उनके मोबाइल पर मानसेर टोल प्लाजा से टैक्स कटने का मैसेज आया। मैसेज देखकर एक बार तो बेहद आश्चर्य हुआ क्योंकि गाड़ी को उनके घर पर खड़ी थी। स्वजनों से संपर्क किया तो गाड़ी घर पर ही होने की जानकारी मिली। अब उनको इस बात का संशय है कि आखिर गाड़ी घर से निकले बिना ही टैक्स कैसे कट गया। इसको लेकर वे कानून के जानकारों से सलाह ले रहे हैं।
अमित पंघाल जिले के गांव मायना के निवासी हैं। उनके पास फार्च्यूनर गाड़ी है। टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों काे लेकर भारतीय बाक्सरों को भारतीय बाक्सिंग संघ ने इटली में ट्रेनिंग के लिए भेज रखा है। 10 जुलाई तक अमित इटली में ही रहेंगे। इसके बाद सीधे ओलंपिक में भाग लेने के लिए टोक्यो जाएंगे। इससे पहले दुबई में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में भाग लेने गए थे। अमित की गाड़ी घर पर ही लंबे समय से खड़ी हुई है। परिवार के अन्य किसी सदस्य ने भी गाड़ी को घर से बाहर नहीं निकला है। ऐसे में शुक्रवार को उनके मोबाइल पर टोल टैक्स कटने का मैसेज आया। एक बार तो उन्होंने सोचा कि गाड़ी कहीं चोरी तो नहीं हो गई है, जिससे मानेसर में टोल टैक्स कट गया।
लेकिन उनकी यह चिंता परिवार के सदस्यों से बात करने के बाद खत्म हो गई। लेकिन अब गाड़ी टोल से गुजरे बिना टैक्स कटने की बात उनकी समझ में नहीं आ रही है। उधर, टोल कंपनी प्रतिनिधि से इस बारे में बात की तो उनका कहना था कि यह तकनीकी गलती हो गई है। कई बार मैनुअल टोल प्लाजा से गाड़ी बिना टैक्स निकलने पर फास्टैग से वसूली कर ली जाती है। हो सकता है, गाड़ी के नंबर को लेकर इस तरह की चूक हो गई हो। अगर उनका टैक्स गलत लिया है तो शिकायत कर सकते हैं, राशि वापस हो जाएगी।
ले रहे हैं कानूनी सलाह
अमित पंघाल के चाचा अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने बताया कि मानेसर में टोल कटने की बात समझ से बाहर है। एक माह से ज्यादा समय से गाड़ी घर से बाहर ही नहीं निकल पाई है। इस संबंध में कानूनी सलाह लेकर टोल कंपनी से टोल टैक्स कटने बारे जानकारी ली जाएगी।