बहादुरगढ़ के मातन गांव में खून से सना मिला महिला का शव, हत्या के बाद से ही पति घर से गायब
महिला को सिर व मुंह पर चोट मारी गई है। सुबह बिस्तर पर ही शव मिला। दंपती की कोई संतान नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात की वजह पति-पत्नी का झगड़ा बताया जा रहा है।शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल भेजा गया है।
बहादुरगढ़, जेएनएन। बहादुरगढ़ के गांव मातन में मंगलवार की रात एक महिला की हत्या कर दी गई। उसके पति पर ही आरोप है। घटना के बाद से ही आरोपित पति गायब है। महिला को सिर व मुंह पर चोट मारी गई है। सुबह बिस्तर पर ही शव मिला। दंपती की कोई संतान नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात की वजह पति-पत्नी का झगड़ा बताया जा रहा है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल भेजा गया है। मृतका का नाम अशोक कुमारी है। उसका पति कृष्ण खेती बाड़ी करता है। दोनों पति पत्नी रात को घर पर ही थे, लेकिन सुबह महिला का लहूलुहान हालत में शव बिस्तर पर था और कृष्ण गायब था। सुबह दुधिया जब दूध देने के लिए आया तो दरवाजा खुला हुआ था । दुधिया ने बाहर कई बार आवाज लगाई लेकिन जब कोई अंदर से नहीं आया तो वह घर में दाखिल हुआ।
इसके बाद घटना का पता लगा। उसने घर के ऊपरी हिस्से में रह रहे आरोपित कृष्ण के छोटे भाई को आवाज दी। पड़ोस से कई और लोग आ गए। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। मांडौठी चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। अभी यह नहीं पता लग पाया कि महिला को चोट किस हथियार से मारी गई।
स्वजनों ने बताया गया है कि पहले भी पति पत्नी के बीच एक- दो बार झगड़ा हुआ था । इस घटना के पीछे भी झगड़ा ही वजह रहा होगा। चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि पूरा खुलासा मृतका के पति से पूछताछ में ही हो पाएगा। मृतका के मायके वालों को सूचित कर दिया गया है।