एडीआरएम के आने से पहले चमकाया रेलवे स्टेशन, दौरा कर बोले अभी और भी सुधार की है जरूरत
बीकानेर मंडल के एडीआरएम सुरेश चंद्रा शनिवार को सुबह रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टेशन का इंस्पेक्शन किया।
जेएनएन, हिसार : बीकानेर मंडल के एडीआरएम सुरेश चंद्रा शनिवार को सुबह रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टेशन का इंस्पेक्शन किया। उनके साथ कई अधिकारी भी साथ रहे। वहीं एडीआरएम सुरेश चंद्रा के आने से एक दिन पहले रेलवे स्टेशन को चमकाने का काम किया जा रहा था। जगह-जगह कर्मचारी सफेदी कर रहे थे। यहां तक कि रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास लगी लाइटों के चबूतरे पर रंग-बिरंगा पेंट कर सजाया गया। वहीं रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी पूरे दिन सफाई करते नजर आए। जगह-जगह सफाई व्यवस्था को दुरस्त करने का प्रयास किया गया। सबसे अलग बात तो ये रही पुल की सीढि़यों पर भी सामाजिक संदेश लिखकर चमका दिया गया। यह काम पहली ही बार किया गया था। इस सब को देख एडीआरएम खुश तो हुए मगर रेल प्रशासन की पीठ नही थपथपाई। उन्होंने कहा पहले से बेहतर है मगर अभी काफी सुधार करने की जरुरत है। भिवानी में भी परिवर्तन देखने को मिला है और हिसार में भी उम्मीद है इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में और भी ज्यादा काम किया जाएगा। मगर इस बार स्टेशन अधीक्षक को लताड़ नहीं खानी पड़ी ऐसे में रेलवे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है बीते दिनों में बीकानेर मंडल के डीआरएम और एक अन्य बड़े अधिकारी ने दौरा किया था। स्टेशन के हालात देख दोनों ही काफी नाखुश हुए थे उन्होंने स्टेशन अधीक्षक के साथ अन्य अधिकारियों को लताड़ा था और कहा था कि ये स्टेशन है या पशुबाड़ा। अधिकारियों को यह भी कहा कि उन्हें सिर्फ वेतन लेने की आदत पड़ी हुई है काम करने की नहीं। इससे सभी कर्मचारियों को काफी जिल्लत का सामना करना पड़ा था।