नाइजीरियन से खरीद दिल्ली से हेरोइन लाता बड़ा बेटा, छोटे के साथ मां करती सप्लाई, पकड़े गए
बरामद हेरोइन की मार्केट में कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका बड़ा बेटा दिल्ली से हेरोइन लाकर उनको देता था। मगर पुलिस ने पकड़ लिया
फतेहाबाद, जेएनएन। महिलाओं द्वारा नशे की तस्करी करने के मामले एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। अब पुलिस ने शहर के मिनी बाईपास से बाइक सवार मां-बेटा को 100 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की मार्केट में कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका बड़ा बेटा दिल्ली से हेरोइन लाकर उनको देता था। वह अपने छोटे बेटे के साथ उसे सप्लाई करती थी। पुलिस ने पकड़े गए काठमंडी निवासी सुरेंद्र कुमार और उसकी मां परमेश्वरी देवी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। दोनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस की सीआइए टीम मिनी बाइपास पर गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को देखकर बाइक सवार युवक और महिला घबरा गए। युवक ने बाइक को मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उनको पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वह इस हेरोइन को आगे सप्लाई करने जा रहे थे।
नाइजीरियन से खरीदता है हेरोइन
पूछताछ में महिला परमेश्वरी देवी ने बताया कि उसका बड़ा बेटा संजय दिल्ली से हेरोइन लेकर आता है। वह नाइजीरियन से हेरोइन लाता है। इसके बाद वह छोटे बेटे सुरेंद्र के साथ इसे सप्लाई करती है।
--पुलिस ने मां बेटे को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। महिला का बड़ा बेटा दिल्ली से नशा लाकर देता था। अब अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। दिल्ली से यह कहां से नशा लाता था, इसकी जानकारी हासिल की जा रही है।
सुरेंद्र कंबोज, शहर थाना प्रभारी, फतेहाबाद।