यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sonali Phogat Death: स्वजनों का बड़ा आरोप, कहा- सोनाली की हत्या में दो से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका
Sonali Phogat Death भाजपा की नेत्री और बिग बास फेम सोनाली फोगाट की मौत के मामले मेंं उनके स्वजनों ने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हिसार। Sonali Phogat Death: सोनाली फोगाट के स्वजनों ने बेहद गंभीर आरोप लगाया है। स्वजनों का कहना है कि सोनाली फोगाट की मौत हत्या है और इसमें दो से अधिक लोग शामिल हैं। उनका कहना है कि की हत्या के बाद भी आरोपित पीए सुधीर सांगवान और सुखविंदर सांगवान के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं है।
स्वजनों ने कहा - घटना के बारे में बार-बार पूछे जाने के बाद भी पीए व सुखविंदर नहीं दिए ठाेस जवाब
उनका कहना है कि जब सोनाली के स्वजन घटना के बारे में उनसे बार-बार पूछ रहे थे तो उनके पास कोई ठोस जवाब नहीं था। वह बार-बार बयान भी बदल रहे थे। हर बार गुमराह करने की कोशिश की जा रही थी। यहां तक कि पुलिस जांच में भी सहयोग नहीं कर रहे थे।
सोनाली के स्वजनों के अनुसार हत्या में दो से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका है। कारण है कि होटल में दो नहीं, बल्कि चार कमरे बुक होने की जानकारी सामने आई है। उसी से पता चला कि अन्य लोग भी ठहरे हुए थे। हालांकि पुलिस ने होटल के 12 से 13 कमरों की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। मगर अभी इस बात की पुष्टि नहीं है कि अन्य लोग कौन हैं।
बार-बार दोनों अपने बयान बदल रहे थे
सोनाली के स्वजनों ने बताया कि जब भी वह सुधीर और सुखविंदर सांगवान से बात कर रहे थे कि तबीयत बिगड़ने पर सोनाली को समय पर अस्पताल लेकर क्यों नहीं गए ताे सही जवाब नहीं दे रहे थे। शुरू में बोले कि उनके पास टैक्सी नहीं थी। इसलिए सोनाली को 2 से 3 घंटे तक बाथरूम में रखा था, मगर बाद में सुखविंदर ने बताया कि वह टैक्सी से सोनाली को होटल में लेकर गए थे।
स्वजनों ने बताया कि जब परिजनों को शक हुआ कि टैक्सी नहीं मिली तो बाद में टैक्सी कहां से आई। इस पर सुखविंदर ने कहा कि रोड पर खड़े होते ही कुछ देर बाद टैक्सी मिल गई थी। इसी पर परिजनों को शक हो गया। परिजनों का कहना है कि रिजोर्ट में ही सोनाली को जहरीला पदार्थ दिया गया था। हत्या के बाद उसे 2 से 3 घंटे तक वहीं पर बाथरूम में रखा। इसके बाद वह होटल में लेकर गए थे। जब सोनाली के डेथ होने का पता चला तो अस्पताल लेकर गए थे।
थानों के बाहर या इधर-उधर ढाबे पर खाना खाकर रात बिताई
परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान सोनाली के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। तभी केस दर्ज किया गया है। उनको पुलिस का काफी सहयोग मिला है, वह भी वीरवार दोपहर बाद। गोवा में सरकार की तरफ से अब वापस हिसार आते समय भी कोई सहयोग नहीं मिला। उन्होंने 2 दिनों तक थानों के बाहर या इधर-उधर ढाबे पर खाना खाकर रात बिताई है। जिन कपड़ों में गए थे उसी हालत में वापस आए हैं। परिजनों का कहना है कि इसमें राजनीतिक हस्तक्षेप भी हो सकता है जांच में ही पता चलेगा कि कौन शामिल है।
