फतेहाबाद में बेलदार पर हमला, कर्मचारियों में रोष, अधिकारियों को बाहर निकाल, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में जड़ा ताला
बेलदार की पिटाई करने वाले हमलावर अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर है। गुस्साए कर्मचारियों ने विरोध में विभाग में तालाबंदी कर प्रदर्शन शुरू किया। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही डीएसपी दलजीत सिंह मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर कार्यालय का ताला खुलवाया।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य विभाग में कार्यरत बेलदार विनोद पिटाई मामला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। मामले में अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके कारण सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में रोष फैल गया। कर्मचारियों ने सभी अधिकारियों को कार्यालय से बाहर निकालकर तालाबंदी कर दी। सुबह 9 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 1 बजे तक चलता रहा। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही डीएसपी दलजीत सिंह मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने कार्यालय का ताला खोल दिया।
कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस स्टेशन का करेंगे घेराव
पीडबल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन सम्बंधित सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान इन्द्र सिंह घासी, महासंघ के प्रधान मुंशीराम कंबोज व संयुक्त कर्मचारी मंच के प्रधान सीताराम सुथार ने कहा कि अगर अगले मंगलवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती तो बुधवार को कर्मचारी आंदोलन को तेज करते हुए शहर व गांवों की पेयजल सप्लाई अनिश्चितकाल के लिए बंद कर देंगे और पुलिस थाने का घेराव करने से पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन को सिंचाई विभाग के टोहाना, फतेहाबाद, भूना व सनियाना के कर्मचारियों ने भी अपना समर्थन दिया।
हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग
धरने को राज्य सचिव सुभाष बैजलपुरिया, कृष्ण चमारखेड़ा, सिंचाई विभाग के प्रधान प्रदीप ने भी संबोधित किया। धरने में राजीव बैनीवाल, लाधूराम रजलीवाल, राहुल, रामकरण, विनोद कुमार, धर्मपाल दरियापुर, पृथ्वी सिंह, भाल सिंह, देवीलाल, जगदीश, राजू सहित सैंकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया और नारेबाजी कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि बेलदार विनोद कुमार ने आरटीआई लगाकर विभाग में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई जो एसडीई आशीष कुमार ने उस पर हमला करवा दिया। जनस्वास्थ्य विभाग आज भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। जब कर्मचारी इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उन पर हमला करवा दिया जाता है।
एक एसडीओ, तीन जेई व एक ठेकेदार है आरोपित
विनोद कुमार बेलदार आरटीआइ एक्टिविस्ट भी है। पिछले लंबे समय से वे विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर करते रहे हैं। इस भ्रष्टाचार में जो लोग संलिप्त है, उनके नाम भी विनोद कुमार ने बताए हैं। इनमें एक एसडीओ, तीन जेई व एक ठेकेदार शामिल हैं। भ्रष्टाचार की पोल खुलने से डरे इन लोगों ने कर्मचारी पर जानलेवा हमला करवाया है।
यह था मामला
जनस्वास्थ्य विभाग में तैनात आजाद नगर निवासी बेलदार विनोद कुमार की ड्यूटी खुंबर में है। 20 अगस्त को वह ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए चार लोगों ने मारपीट की और फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने बेलदार विनोद की शिकायत पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ आशीष कुमार गर्ग, जेई रमेश कुमार, जेई अश्वनी कुमार, जेई गिरीश कुमार व ठेकेदार राय सिंह शर्मा उर्फ ओंकार सिंह व चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
तीन आरोपितों को पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार
पुलिस इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें एसडीएम आशीष कुमार गर्ग, कर्मचारी मदन गुलेरियां व सिरसा निवासी निवासी सतीश कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। अभी तक पुलिस ने हमला करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया है। हमला करवाने वाले एसडीओ, बेलदार का घर दिखाने वाला मदन व जिसने घर देखा सतीश को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा
फतेहाबाद डीएसपी दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार तक सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सोमवार को कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें आश्वासन दिया है। इसके अलावा जो अन्य मांगे थी उनकी बात कार्यकारी अभियंता से करवा दी है।