कमांडर मजबूत तो फौज मजबूत, जनता अधिकार के लिए करेंगे संघर्ष : गर्ग
जागरण संवाददाता हिसार हमारा कमांडर मजबूत है तो फौज मजबूत है। हम विपक्ष में बैठकर ज
जागरण संवाददाता, हिसार : हमारा कमांडर मजबूत है तो फौज मजबूत है। हम विपक्ष में बैठकर जनता के अधिकार के लिए संघर्ष करेंगे। किसान व आमजन को उनका अधिकार दिलाने के लिए अब विपक्ष की भूमिका में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के नेतृत्व में 7 नवंबर से 14 नंवबर तक प्रदर्शन करते हुए सड़क पर उतरेंगे। यह बात हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य मीडिया प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कांग्रेस भवन में पत्रकार सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी हर जिले में भाजपा सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ रोड पर उतरेंगे। रोष प्रदर्शन के लिए डाक्टर योगानंद शास्त्री को विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
सरकार से मांग है कि उन्होंने जनहित में साल 2014 में जो घोषणापत्र में वादे किए, वे पूरे करे। भाजपा पार्टी के नेताओं पर तंज कसते हुए गर्ग बोले कि चुनाव में जीतने के लिए वे इस कद्र तक आ गए कि देश के प्रधानमंत्री तक को प्रदेश में कई रैलियों में बुलाया फिर भी उनके अधिकांश नेता हार गए। रही बात प्रदेश में विकास की तो एक भी नया उद्योग नहीं लगाया गया। बल्कि कई उद्योग बंद हो गए। सरकारी तंत्र का भी भाजपा ने दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि आज किसान सबसे ज्यादा दुखी है। वे फसल बेचने के लिए परेशानी झेल रहे हैं। उचित दाम नहीं मिल रहे। सीएम कहते कुछ हैं, और करते कुछ हैं। उन्होंने जो घोषणापत्र में वादे किए वे पूरे नहीं किए, जिस कारण 75 पार का नारा 40 पर सिमट गया। रोष प्रदर्शन 7 नवंबर को पानीपत, नूंह, फतेहाबाद में 8 नवंबर को करनाल, सिरसा, महेंद्रगढ़ 10 नवंबर को गुरुग्राम, कैथल, पंचकूला 11 नवंबर को अंबाला, हिसार, जींद, फरीदाबाद 12 नवंबर को सोनीपत, झज्जर 13 नवंबर को भिवानी, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी में 14 नवंबर को चरखी दादरी, पलवल व रोहतक जिले में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व एचपीएससी के सदस्य जगन्नाथ, उद्योगपति जगदीश जिन्दल, राम निवास राड़ा, पार्षद जगमोहन मित्तल, सुशीला शर्मा, संदीप गोस्वामी, हरि कृष्ण, प्रवीन जैन, अश्वनी शर्मा, अमर गुप्ता, राजेन्द्र बंसल, जेपी ज्याणी, राम मेहर मौजूद थे।