विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या से हिसार आ रही फ्लाइट दिल्ली में उतारी, 72 यात्री वाहनों के जरिए पहुंचे घर; खराब मौसम बना परेशानी

Published: Mon, 16 Nov 2026 12:26 PM (IST)

अयोध्या से हिसार आ रही एलायंस एयर की फ्लाइट को दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण रोक दिया गया, ...और पढ़ें

अयोध्या से हिसार आ रही फ्लाइट दिल्ली में उतारी (File Photo)

अयोध्या से हिसार आ रही फ्लाइट दिल्ली में उतारी (File Photo)

HighLights

  1. अयोध्या-हिसार फ्लाइट दिल्ली में मौसम खराब होने से रोकी गई

  2. 72 यात्रियों को अपने खर्च पर हिसार लौटना पड़ा

  3. बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हुई

जागरण संवाददाता, हिसार। अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन कर हिसार लौट रहे 72 यात्रियों को रविवार को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब अयोध्या से हिसार आ रही एलायंस एयर की फ्लाइट को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया।

यात्रियों को मौसम खराब होने का हवाला देकर विमान से उतार दिया गया। इसके बाद यात्रियों को अपने स्तर पर कैब या अन्य वाहनों की बुकिंग कर हिसार पहुंचना पड़ा। कोई चंडीगढ़ तो कोई रेवाड़ी से कैब बुक करके हिसार पहुंचा। ऐसे में यात्रियों को कैब का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ा।

बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। जानकारी के अनुसार, रविवार सायं करीब 4:30 बजे एलायंस एयर की फ्लाइट 72 यात्रियों को लेकर अयोध्या से हिसार के लिए रवाना हुई थी। शाम करीब 5:30 बजे फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। यहां यात्रियों को बताया कि आगे मौसम खराब होने से फ्लाइट हिसार नहीं जा पाएगी। फ्लाइट का हिसार पहुंचने का समय सायं 6:15 बजे निर्धारित था।

94 वर्षीय मां को लेकर गए थे राम मंदिर के दर्शन करवाने

यात्रियों में शामिल हिसार के गवर्नमेंट पीजी कालेज के पूर्व प्रोफेसर एसके मिश्रा ने बताया कि वह अपनी 94 वर्षीय मां को राम मंदिर में दर्शन करवाने के लिए अयोध्या लेकर गए थे। वापसी में उन्होंने हिसार की फ्लाइट बुक करवाई थी, लेकिन दिल्ली पहुंचने पर मौसम खराब होने की बात कहकर उन्हें उतार दिया गया।

उन्होंने बताया कि उनकी मां चल-फिर नहीं पाती हैं। ऐसे में रात में कैब बुक कर हिसार लौटना पड़ा। घर देरी से पहुंचे व सफर भी मुश्किल था। अभी तक फ्लाइट का रिफंड भी नहीं मिला है।

कैब से निकले हिसार: यात्री

डॉ. ललित मोहन, डॉ. रितु सांगवान, राहुल सांगवान, आशु व अशोक सहित अन्य यात्रियों ने भी परेशानी बताई। उनका कहना था कि वे राम मंदिर के दर्शन करने अयोध्या गए थे। वापसी में हिसार की फ्लाइट को दिल्ली में उतार दिए जाने से पूरा कार्यक्रम बिगड़ गया। यात्री अपने स्तर पर कैब की व्यवस्था कर अतिरिक्त किराया देकर आधी रात को हिसार पहुंचे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।