दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को 7 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी, AAP ने की सख्त कार्रवाई की मांग
आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को 7 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए जान से मारने की धमकी की निंदा की है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)
HighLights
केजरीवाल और बेटी को 7 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम से मिली धमकी
आप ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
जागरण संवाददाता, हांसी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और उन्हें व उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी देने की आप ने निंदा की है।
पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और हांसी जिलाध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने शुक्रवार को जारी बयान में धमकी देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सोरखी के मुताबिक, दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह को फोन और वाट्सएप पर धमकी भरे संदेश मिले।
लारेंस बिश्नोई गिरोह के नाम से भेजे गए संदेशों में फिरौती नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या की धमकी दी गई। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।
सोरखी ने कहा कि धमकी से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में रोष है। केजरीवाल ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। सोरखी ने भाजपा सरकार पर आप नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों के आधार पर भेदभाव करना गलत है।