हिसार में सेना के जवान से 'लुटेरी दुल्हन' ने की 7 लाख की ठगी, ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा दे लगाया चूना
हिसार में एक सेना के जवान को वैवाहिक वेबसाइट पर मिली युवती ने शादी के नाम पर 7 लाख रुपये ...और पढ़ें
-1792225035864_m.webp)
साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ दर्ज किया केस।
HighLights
सेना के जवान से वैवाहिक वेबसाइट पर हुई ठगी
'लुटेरी दुल्हन' ने ट्रेडिंग में मुनाफे का दिया झांसा
जवान ने 7 लाख रुपये गंवाए, पुलिस ने जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, हिसार। सेना के जवान को शादी का भरोसा देकर साइबर ठगों ने सात लाख रुपये का चूना लगा दिया। हिसार कैंट में तैनात तमिलनाडु निवासी 32 वर्षीय जवान धनराज की पहचान वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से सारान्या नाम की युवती से हुई थी।
युवती ने खुद को ब्रिटेन के ग्रीनविच का निवासी बताया। बातचीत आगे बढ़ी तो दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसी बीच युवती ने शादी के खर्च की व्यवस्था करने के नाम पर ट्रेडिंग में निवेश का प्रस्ताव दिया।
उसने भरोसा दिलाया कि निवेश से होने वाले मुनाफे को शादी पर खर्च किया जा सकेगा। जवान उसकी बातों में आ गया और इंटरनेट पर भेजे गए लिंक के माध्यम से बताए गए खातों में सात लाख रुपये जमा करा दिए।
जब उसने मुनाफे समेत रकम निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। उलटे उससे और रुपये जमा कराने का दबाव बनाया जाने लगा। इसके बाद ठगी का पता चला और उसने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी।
वैवाहिक वेबसाइट पर हुई थी पहचान
धनराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हिसार कैंट में कार्यरत है और अविवाहित है। करीब डेढ़ महीने पहले उसने संगम डाट काम वैवाहिक वेबसाइट पर अपना खाता बनाया था।
इसमें उसने अपना परिचय, मोबाइल नंबर और फोटो साझा की थी। इसके बाद उसके वाट्सएप पर सारान्या नाम की युवती का संदेश आया। युवती ने बताया कि उसके पिता का देहांत हो चुका है और उसका मामा भी परिवार के साथ ब्रिटेन में रहता है। वे ट्रेडिंग का काम करते हैं।
वीडियो काल के बाद शादी के लिए हुए राजी
धनराज के अनुसार, युवती ने अपनी मां और मामा से उसकी बातचीत कराई। उसने भी वीडियो काल के माध्यम से अपने स्वजन से युवती की बातचीत कराई। इसके बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए।
जवान ने बताया कि वह दो नवंबर 2026 को छुट्टी पर चेन्नई आने वाला था। इसी दौरान शादी की तारीख तय करने की बात हुई। युवती ने शादी में काफी खर्च होने की बात कहकर पहले ट्रेडिंग में निवेश करने का प्रस्ताव दिया। उसने कहा कि इससे होने वाले मुनाफे को शादी पर खर्च कर लेंगे।
रकम निकालने पर सामने आई ठगी
जवान ने युवती के कहने पर बताए गए खातों में सात लाख रुपये जमा करा दिए। जब उसने मुनाफे समेत रकम निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। इसके बाद उससे लगातार और रुपये जमा कराने को कहा जाने लगा। ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस को शिकायत दी।
साइबर थाना प्रभारी ईश्वर ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- भारत में एक साल में 770 करोड़ स्पैम काॅल, इसे रोकने के लिए स्वीडिश कंपनियों पर निगाह; हरियाणा CM ने समझी तकनीक
