विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

80 साल पुरानी ऐतिहासिक याद, आजादी की आहट के बीच हिसार पहुंचे थे पंडित नेहरू; सेनानियों का किया था सम्मान

Published: Sat, 14 Nov 2026 03:34 PM (IST)

पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1946 में हिसार का दौरा किया, जहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया और सातरोड की शिल्पशाला में शिक्षा व्यवस्था की सराहना की।

सातरोड के विद्यालय में मौजूद पंडित जवाहर लाल नेहरू। सौजन्य प्रो. महेंद्र सिंह

सातरोड के विद्यालय में मौजूद पंडित जवाहर लाल नेहरू। सौजन्य प्रो. महेंद्र सिंह


HighLights

  1. 1946 में नेहरू ने हिसार में स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया

  2. सातरोड की शिल्पशाला में शिक्षा व्यवस्था की खुले मन से सराहना की

  3. 1951 में चुनाव प्रचार के लिए दूसरी बार हिसार आए थे

पवन सिरोवा, हिसार। इतिहास के पन्नों में कुछ तारीखें केवल घटनाओं का उल्लेख नहीं करतीं, बल्कि किसी शहर की स्मृतियों में हमेशा के लिए दर्ज हो जाती हैं।

21 जनवरी 1946 भी हिसार के इतिहास की ऐसी ही एक तारीख है, जब देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू शहर की धरती पर पहुंचे थे। आजादी की आहट के बीच हिसार की जनता को उनसे रूबरू होने का अवसर मिला था।

इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और सातरोड स्थित शिल्पशाला में शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की खुले मन से सराहना की थी।

आजादी के सेनानियों के सम्मान में जुटा था शहर

वर्ष 1946 में कटला रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम का विशेष महत्व था। यह आयोजन स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय बलवंत राय तायल की जेल से रिहाई और आजाद हिंद फौज के सैनिकों की रिहाई के उपलक्ष्य में किया गया था। इसी समारोह में शामिल होने के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू हिसार पहुंचे थे।

उनके आगमन से शहर में उत्साह का वातावरण था। कार्यक्रम के बाद उन्होंने हिसार के कई क्षेत्रों का दौरा किया और गांव सातरोड भी पहुंचे। यहां लाला हरदेव सहाय की ओर से स्थापित शिल्पशाला में आयोजित कार्यक्रम में उनका भव्य स्वागत किया गया।

पंडित नेहरू: हिसार में शिक्षा व्यवस्था की कि सराहना

पंडित नेहरू का व्यक्तित्व केवल राजनीतिक नेतृत्व तक सीमित नहीं था, बल्कि शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति भी उनका विशेष लगाव था। सातरोड की शिल्पशाला में शिक्षा और कौशल विकास के लिए की गई व्यवस्थाओं ने उन्हें प्रभावित किया। उन्होंने विद्यालय की प्रशंसा में लिखित संदेश भी दिया।

उन्होंने लिखा कि इस शिल्पशाला को देखकर मुझे खुशी हुई। इस तरह के विद्यालय तो हर जगह होने चाहिए। मैं आशा करता हूं कि यह काम बढ़ेगा और इस इलाके की जनता इससे लाभ उठाएगी।

उनके ये शब्द उस दौर में शिक्षा और हुनर को समाज की प्रगति का आधार बनाने वाली सोच को भी रेखांकित करते हैं। सातरोड की शिल्पशाला के प्रयासों को देश के शीर्ष नेतृत्व से मिली यह सराहना आज भी क्षेत्र के शैक्षणिक इतिहास का महत्वपूर्ण प्रसंग है।

बलवंत राय तायल की रिहाई बना थी ऐतिहासिक प्रसंग

प्रसिद्ध इतिहासकार एवं डीएन कालेज के प्रोफेसर महेंद्र सिंह बताते हैं कि वर्ष 1946 का यह सम्मान समारोह सामान्य आयोजन नहीं था। स्वतंत्रता सेनानी बलवंत राय तायल भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए थे और लंबे समय तक जेल में रहे। उनकी रिहाई का मुद्दा इंग्लैंड की संसद तक पहुंचा था।

इसके बाद उन्हें जेल से रिहा किया गया। दूसरी ओर, अंग्रेजी शासन के दौरान आजाद हिंद फौज के सैनिकों की रिहाई भी देशभर में चर्चा का विषय बना हुई थी। ऐसे समय में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में पंडित नेहरू का स्वयं हिसार पहुंचना शहर के लिए गौरवपूर्ण अवसर था।

पंडित नेहरू आजादी के बाद सन् 1951 में फिर आए हिसार

हिसार से पंडित नेहरू का जुड़ाव केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं रहा। देश की आजादी के बाद वे वर्ष 1951 में दूसरी बार हिसार पहुंचे थे।

उस समय देश में आम चुनाव थे और वे चुनाव प्रचार के सिलसिले में शहर आए थे। इस तरह उनका पहला आगमन आजादी के संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से जुड़ा था, जबकि दूसरा दौरा लोकतांत्रिक भारत की चुनावी यात्रा का हिस्सा बना।

शहर की स्मृतियों में दर्ज हैं दोनों दौरे

इतिहासकार प्रो. महेंद्र सिंह ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के दोनों हिसार दौरे शहर के लोगों के लिए अविस्मरणीय रहे। एक ओर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर उनके संघर्ष को महत्व दिया, वहीं दूसरी ओर सातरोड की शिल्पशाला की प्रशंसा कर शिक्षा और कौशल विकास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया।

हिसार के राजनीतिक और सामाजिक लोगों से उनका गहरा जुड़ाव भी रहा। यही वजह है कि उनके दोनों आगमन आज भी शहर के इतिहास में विशेष स्थान रखते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।