रूस में चल रहे गवर्नर कप बॉक्सिंग में अमित पंघाल का पदक पक्का, अब गोल्ड पर होगा निशाना
अपने भारवर्ग में दुनिया का नंबर वन बॉक्सर रोहतक के अमित पंघाल ने रूस में पदक पक्का कर लिया है। अब उनका निशाना गोल्ड पर होगा। रूस में चल रहे गवर्नर कप बॉक्सिंग के 52 किलोग्राम भार वर्ग खेलते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
रोहतक, जेएनएन। रोहतक के मायना गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग स्टार व अपने भारवर्ग में दुनिया का नंबर वन बॉक्सर अमित पंघाल ने रूस में पदक पक्का कर लिया है। अब उनका निशाना गोल्ड पर होगा। रूस में चल रहे गवर्नर कप बॉक्सिंग के 52 किलोग्राम भार वर्ग खेलते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। अमित ने टूर्नामेंट में अपने प्रतिद्वंद्वी रूस के बॉक्सर तामीर गलानोव को 5-0 से हराकर पदक पक्का किया है। शुरुआती दौर में, अमित पंघाल ने रक्षात्मक मोर्चा संभाला और आसानी से रूसी बाक्सर के पंचों को बाहर कर दिया। जिसके बाद अमित ने आक्रामकता दिखाई और प्रतिद्वंद्वी पर ताबड़तोड़ पंच बरसाकर जीत दर्ज की।
इस टूर्नामेंट में भारतीय आठ मुक्केबाज भाग ले रहे हैं, जिनमें से सात मुक्केबाज हार गए हैं। लेकिन अमित पंघाल का पंच कमाल कर रहा है औ उनकी जीत का सिलसिला जारी है। टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों में जुटे अमित पंघाल के लिए यह टूर्नामेंट खास माना जा रहा है। उधर, उनके जोरदार प्रदर्शन के चलते उनसे गोल्ड की उम्मीद भी बढ़ती जा रही है। खेल प्रेमियों का कहना है कि विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और एशियाई खेलों के चैंपियन अमित का रूस में भी अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है।
उनके इस प्रदर्शन पर अन्य मुक्केबाजों ने भी खुशी प्रकट की है। अमित पंघाल अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उनका यही अंदाज उन्हें जीत दिलाने में कारगार साबित रहता है। इस भारतीय स्टार मुक्केबाज ने अब सेमीफाइनल में जगह बनाई है और पदक पक्का कर लिया है। अब वे मेडल का रंग बदलने के लिए तैयारी कर रहे हैं। अमित ने इस टूर्नामेंट में अंतिम चार में जगह बनाई है। बता दें कि अमित पंघाल जमीन से जुड़े खिलाड़ी हैं। वे खेत में भी काम करते हैं तो घर के कामों में भी हाथ बंटाते हैं। इस बार भी रूस में होने के कारण अपनी मां की गेहूं की फसल काटने में मदद न करने का मलाल जाहिर करते हुूए ट्वीट किया था।