ओपी चौटाला को दोषी करार दिए जाने पर जागा पुत्र प्रेम, अजय बोले- कांग्रेस नेताओं ने रचाया षडयंत्र
आय से अधिक संपत्ति मामले में इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला को कोर्ट द्वारा दोषी करार दिये जाने पर उनके बड़े बेटे जजपा नेता डा. अजय सिंह चौटाला का पुत्र प्रेम जाग गया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाए और कहा सारा फर्जीवाड़ा कांग्रेस के शासन काल में किया गया।
जागरण संवाददाता, सिरसा : भले ही चौटाला परिवार दो धड़ों में बंट चुका है, मगर आज भी जब एक तरफ तकलीफ आती है तो आह दूसरी ओर से भी निकलती है। दुष्यंत चौटाला के कोराेना संक्रमित होने पर चाचा अभय चौटाला ने भी जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा था कि हम राजनीतिक तौर पर अलग हैं वह मेरा भतीजा है। वहीं अब एक और वाकये ने ऐसा ही उदाहरण पेश किया है। आय से अधिक संपत्ति मामले में इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला को कोर्ट द्वारा दोषी करार दिये जाने पर उनके बड़े बेटे जजपा नेता डा. अजय सिंह चौटाला का पुत्र प्रेम जाग गया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि यह सारा फर्जीवाड़ा कांग्रेस के शासन काल में किया गया। उस समय जो चार्जशीट बनाई गई उसमें सब कांग्रेस के लोग थे, शमशेर सिंह सुर्जेवाला, कर्ण सिंह दलाल, जगदीश नेहरा इत्यादि ने मिलकर सारा षडंयत्र रचा था। अजय चौटाला ने कहा कि सभी को पता है कि ज्यादातर सजा तो पहले ही काटी जा चुकी है। अजय चौटाला ने कहा कि अभी ताे कोर्ट का निर्णय है देखना है कि 26 मई को जज महोदय क्या सजा सुनाने का काम करते है, वो तो उन पर निर्भर करता है।
परंतु बहुत सारी सजा तो दूसरे केस में हम काट चुके हैं, जो साथ साथ चलती है। डा. अजय सिंह चौटाला सिरसा की जाट धर्मशाला में जेजेपी द्वारा आयोजित अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कि स्थानीय निकाय चुनाव भाजपा व जजपा दोनों दल मिलकर लड़ेंगे। इससे पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गठबंधन सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाएं और लोगों को जजपा पार्टी से जोड़ने का काम करें।
पेट्रोल डीजल के मूल्यों पर केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज डयूटी कम करने पर अजय चौटाला ने कहा कि एक राहत दी गई है अगर और ज्यादा मिले और और अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए अल्प संख्यक प्रकोष्ठ द्वारा जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।