दुष्कर्म के अभियुक्त ने जमानत पर आने के बाद पत्नी की कर दी हत्या
दुष्कर्म के आरोपित व्यक्ति ने जमानत पर रिहा होने के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह फरार हो गया।
जेएनएन, उकलाना (हिसार)। क्षेत्र के गांव प्रभुवाला में दुष्कर्म मामले के अभियुक्त विनोद कुमार ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस उसकर गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है।
अभियुक्त मूल रूप से जींद जिले के गांव रसीदां का रहने वाला है। पिछले 6-7 सालों से प्रभुवाला में रह रहा है और यहीं पर मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार गांव प्रभुवाला के सरपंच प्रतिनिधि परमिंदर सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में विनोद कुमार ने अपनी पत्नी सरोज की हत्या कर दी है।
सरोज का शव विनोद कुमार के मकान में पड़ा हुआ था और अभियुक्त मौके से फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक विनोद का अपनी पत्नी सरोज देवी के साथ पिछले कई दिनों से झगड़ा हो रहा था। वह पत्नी के साथ मारपीट करता था। तड़के विनोद ने पत्नी को मार डाला।
छह माह पहले दर्ज हुआ था दुष्कर्म का केस
विनोद कुमार के खिलाफ उकलाना थाने में करीब छह माह पहले एक महिला ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया था। विनोद कुमार एक माह पहले ही जमानत पर घर आया था।
-----
'' पुलिस ने अभियुक्त विनोद कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आशंका है कि महिला को जहर देकर मारा गया है, बाकी कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
- संदीप कुमार, थाना प्रभारी, उकलाना।