जेल में बंद आरोपितों ने साथियों को भेज ब्यूटी पार्लर संचालिका को दी धमकी...बोले केस वापस ले लो
बहादुरगढ़ में ब्यूटी पार्लर संचालिका को धमकी देने का मामला सामने आया है। जेल में बंद आरोपितों के साथियों ने ब्यूटी पार्लर संचालिका को धमकी दी। गत 12 मई की रात को ब्यूटी पार्लर संचालिका को उसके दोस्त ने अपने साथी के साथ सुए से गोदकर किया था घायल।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। शहर के मेन बाजार में 14 साल से ब्यूटी पार्लर चला रही संजय कालोनी निवासी राजबाला पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपितों के साथियों ने अब उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। आरोपितों के दो दाेस्त शनिवार दोपहर बाद ब्यूटी पार्लर पर दो बार आए और पार्लर संचालिका को मुकदमा खत्म करने के लिए शपथ पत्र देने की बात कही। ऐसा न करने और मामले में गवाही देने पर अंजाम बुरा होने की धमकी देकर आरोपित चले गए।
राजबाला ने इसकी शिकायत थाना शहर पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि धमकी देने वाले आरोपितों का जल्द ही पता लगाया जाएगा। पुलिस को दी शिकायत में राजबाला ने बताया कि मेन बाजार की राठी मार्केट में वे 14 साल से पार्लर चला रही है। शनिवार दोपहर बाद करीब दो बजे उनकी दुकान पर दो लड़के आए। सीधे अंदर घुसे और पूछने लगे कि बाला कहां है। इस पर उन्होंने कहा कि यहां कोई नहीं है तो दोनों ने कहा कि सोनू खुड्डन जेल में बंद है। अगर बाला ने उनके खिलाफ गवाही दी तो अंजाम बुरा होगा। यह धमकी देने के बाद वे चले गए। उसके बाद शाम करीब चार बजे वे दोनों लड़के फिर आए और पूछा कि बाला आ गई क्या।
सुए से किया था हमला
राजबाला ने बताया कि वे उस समय पार्लर में नहीं थी। राजबाला ने बताया कि गत 12 मई को खुड्डन निवासी अभिषेक उर्फ सोनू ने अपने साथी साहिल के साथ उनके ऊपर सुएं से हमला कर दिया था। इस संबंध में 13 मई को थाना शहर में दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। दोनों फिलहाल जेल में बंद हैं।
शपथ पत्र देने का डाल रहे दबाव
राजबाला ने बताया कि गत 19 जून को भी उनके मोबाइल पर एक लैंडलाइन नंबर से सोनू का फोन आया था। उसने इस मामले में आगामी कार्रवाई न करने के लिए शपथ पत्र देने का दबाव डाला था। राजबाला ने बताया कि सोनू ने ही दोनों लड़कों को दबाव डालने के लिए उनके पास भेजा है। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपिताें का पता लगाया जा रहा है।