संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, महिला का गला रेता, कहानी बताई कुछ और
दो बच्चों के पिता की संदिग्ध परिस्थिति में जहर निगलने से मौत हो गई। उसके साथ मौजूद महिला के गर्दन में चाकू से जख्म है। महिला की हालत गंभीर है। प्रेम प्रंसग का मामला पेचिदा बना है
बहादुरगढ़, जेएनएन। बहादुरगढ़ में रेलवे लाइनपार थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले दो बच्चों के पिता की संदिग्ध परिस्थिति में जहर निगलने से मौत हो गई। उसके साथ मौजूद महिला के गर्दन में चाकू से जख्म है। महिला की हालत गंभीर है। उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। दोनों के परिजनों ने बयान दर्ज कराए हैं।
रोहतक के मोरखेड़ी निवासी सुनील काफी समय से लाइनपार के 22 फुटा रोड के पास किराये पर अकेला रहता था। उसकी पत्नी व दो बच्चे गांव में रहते हैं।
मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगलने से सुनील की हालत बिगड़ गई। उसे ट्रामा सेंटर लाया गया। डाक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिजन यहां पहुंचे। सुनील की परिचित महिला को भी ट्रामा सेंटर लाया गया। उसके गले पर चाकू से रेतने का जख्म था। गंभीर हालत में उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक विजयपाल ने बताया कि दोनों के परिजनों ने जो बयान दर्ज कराए गए हैं, उस आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
महिला बोली- पैर फिसलने से हुआ हादसा
चाकू लगने से घायल महिला ने पुलिस को बयान दर्ज कराया गया है कि वह मंगलवार अल सुबह उठी तो अचानक से रसोईघर के पास पैर फिसलने से गिर गई। वहीं पर चाकू रखा था, जो उसकी गर्दन पर जा लगा। महिला के भी दो बच्चे हैं।
परिजनों ने जताया सुनील की हत्या का शक
सुनील के परिजनों का कहना है कि उन्हें तो सुनील की मौत होने और शव अस्पताल में होने की सूचना मिली। उसके साथ क्या घटना घटी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं। हो सकता है कि सुनील को किसी ने जहर खिलाया हो।
सुनील और महिला के बीच प्रेम प्रसंग की चर्चा
जहां पर घटना हुई वहां आसपास में चर्चा है कि सुनील और महिला के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। रात को युवक महिला से मिलने गया था। वहीं पर उसने जहर निगला। इसके बाद महिला के चीखने की आवाज आई। हो सकता है कि दोनों ने एक साथ जान देने की ठानी हो।