रक्षाबंधन पर नहीं लगेगी भद्रा, 12 घंटे तक राखी बांधने का शुभ मुहूर्त hisar news
भद्रा इस बार एक दिन पहले यानि बुधवार को ही लग जाएगी। बुधवार को सायं पांच बजे भद्रा लग जाएगी जो बृहस्पतिवार को प्रात 5 बजे तक रहेगी। ऐसे में गुरुवार को 12 घंटे तक शुभ योग रहेगा।
सिरसा, जेएनएन। भाई बहन के पावन प्यार का प्रतीक त्योहार रक्षाबंधन पर इस बार 15 अगस्त को भद्रा का साया नहीं है। यानि बहनों द्वारा भाइयों की कलाई पर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त करीब 12 घंटों तक रहेगा। इस दौरान बहनें कभी भी राखी बांध सकती है। भद्रा इस बार एक दिन पहले यानि बुधवार को ही लग जाएगी। बुधवार को सायं पांच बजे भद्रा लग जाएगी जो बृहस्पतिवार को प्रात: 5 बजे तक रहेगी। श्रवण नक्षत्र में दिन की शुरुआत होगी, जो 8.30 बजे तक रहेगा। इसके बाद घनिष्ठा नक्षत्र है। सुबह 11 बजे तक सौभाग्य योग और इसके बाद शोभन योग में रक्षाबंधन मनेगा।
19 सालों बाद स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन त्यौहार एक दिन
प्राचीन सत्यनारायण मंदिर के पुजारी गौतम शर्मा के अनुसार इस बार 15 अगस्त को रक्षाबंधन है और उसी दिन स्वतंत्रता दिवस भी है। ऐसा योग 19 साल बाद बना है। इससे पहले वर्ष 2000 में रक्षाबंधन व स्वतंत्रता दिवस एक दिन थे। रक्षा बंधन शाम चार बजे से पहले करना चाहिए।
36 घंटों के लिए बसों में महिलाओं के लिए रहेगी यात्रा फ्री
रक्षाबंधन पर इस बार भी हरियाणा सरकार महिलाओं को निशुल्क यात्रा का तोहफा देने जा रही है। इसके तहत रक्षाबंधन पर 36 घंटों के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों में महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। 36 घंटे की अवधि रक्षाबंधन के एक दिन पहले दिन में दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 15 अगस्त रात 12 बजे तक रहेगी। यह सुविधा महिलाओं को इसलिए दी जा रही है ताकि धन के अभाव में कोई भी बहन भाई की कलाई पर राखी बांधने से महरूम न रहे।