बदमाशों के हौंसले बुलंद, चार गोलियां फायर कर मार्बल शोरूम से सवा लाख रुपये लूटे
बदमाशों के हौसलें बुलंद हैं। मलोट हाईवे पर गुरु नानक कॉलेज के सामने फायरिंग करके अज्ञात बदमाश मार्बल विक्रेता से सवा लाख रुपये लूट ले गए।
डबवाली, जेएनएन। बदमाशों के हौसलें बुलंद हैं। मलोट हाईवे पर गुरु नानक कॉलेज के सामने फायरिंग करके अज्ञात बदमाश मार्बल विक्रेता से सवा लाख रुपये लूट ले गए। लुटेरे सफेद रंग की होंडा सिटी कार में सवार होकर आए थे। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। सूचना मिलते ही श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) की लंबी थाना पुलिस मौका पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डबवाली के वार्ड नंबर 2 की गली बैजनाथ ठेकेदार वाली निवासी अशोक सिंगला मलोट हाईवे पर श्री गणेश मार्बल के नाम पर शोरूम चलाते हैं। रात 8 बजे दुकान पर वह, उनका बेटा चंदन, दोस्त विक्की तथा मनु कामरा बैठे हुए थे। इसी दौरान सफेद रंग की होंडा सिटी कार शोरुम के आगे आकर रुकी। उसमें से चार युवक उतरे जिन्होंने मुंह ढांप रखे थे। दो के पास पिस्टल था। शोरूम में घुसते ही दो फायर किए। पंजाबी भाषा में बोले सारा कैश निकाल दो।
सिर पर परना (कपड़ा) बांधे युवक बोला बहुत परेशान हैं, आज इनमें से किसी एक को गोली मारनी है। चारों से करीब सवा लाख रुपये कैश लूटने के बाद बदमाशों ने चंदन का मोबाइल उठा लिया। जाते-जाते बदमाशों ने दो फायर दाग दिए। गनीमत रही कि मैगजीन गिरने के कारण विक्की की बचत रह गई। चूंकि बदमाश ने उसे टारगेट करते हुए गोली दागी थी। संभावना जताई जा रही है कि चारों बदमाशों का पांचवा साथी भी था जो कार स्टार्ट करके खड़ा था, जैसे ही चारों अंदर बैठे तो वह कार भगा ले गया।
हरियाणा-पंजाब पुलिस नाके बीच वारदात
शोरूम मालिक के अनुसार वारदात हरियाणा-पंजाब पुलिस नाके के बीच हुई है। वारदात के बाद बदमाश पंजाब नाके की ओर फरार हो गए। जाते समय नाके के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक मोबाइल फेंक गए। वे बार-बार कॉल कर रहे थे, तो एक साइकिल सवार ने फोन उठाकर रिसीव किया। जो दुकान पर दे गया। सूचना मिलते ही लंबी थाना पुलिस मौका पर पहुंच गई। ङ्क्षसगला के मुताबिक महज दो मिनट में वारदात करने के बाद बदमाश निकल भागे।