दो किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
सेक्टर-10 अपराध शाखा की टीम ने बादशाहपुर निवासी एक युवक को दो किलो से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपित को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया।
संस, बादशाहपुर: सेक्टर-10 अपराध शाखा की टीम ने बादशाहपुर निवासी एक युवक को दो किलो से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपित को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया। सेक्टर-10 अपराध शाखा के उप निरीक्षक हरमेश कुमार को सूचना मिली थी कि बादशाहपुर में एक व्यक्ति गांजा बेचता है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक ने अपनी टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान बादशाहपुर में एक युवक के कब्जे से 2 किलो 130 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपित का नाम महेंद्र है और वह बादशाहपुर इंद्र कालोनी का रहने वाला है। अपराध शाखा की शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने आरोपित महेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
छठ मनाने गए थे, घर में चोरी हो गई
जासं, गुरुग्राम: मूल रूप से बिहार के सिवान निवासी शशि कुमार पांडेय धर्म कालोनी में वर्षों से परिवार सहित रहते हैं। वह कालोनी में ही कोचिग सेंटर चलाते हैं। छठ पूजा करने के लिए वह परिवार सहित 17 नवंबर को अपने गृह प्रदेश चले गए थे। 20 नवंबर को पड़ोसी ने सूचना दी कि घर में चोरी हो गई है। पड़ोसियों ने ही पुलिस को भी चोरी की सूचना दी। 21 नवंबर की रात जब वह गुरुग्राम लौटे तो देखा कि घर के सभी ताले टूटे हुए थे। अंदर देखा तो 75 हजार रुपये नगदी के अलावा सोने एवं चांदी के सभी आभूषण गायब थे। कुल मिलाकर लगभग सात से आठ लाख रुपये के आभूषणों की चोरी हो गई। पालम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जुआ खेलते दबोचा
जासं, गुरुग्राम: क्राइम ब्रांच की मानेसर टीम ने सरेआम जुआ खेलने के आरोप में रविवार शाम एक युवक को गांव खांडसा से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के गांव नारायणपुर निवासी प्रीतम सिंह के रूप में की गई। उसके पास 4950 रुपये मिले। अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
जासं, गुरुग्राम: क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने एक एक युवक को अवैध हथियार (कट्टा) के साथ रविवार शाम सेक्टर-22 इलाके से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान ज्योति पार्क में रहने वाले मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव रोजकी निवासी विनोद कुमार के रूप में की गई। फरार आरोपित धरा गया
जासं, गुरुग्राम: सेक्टर-56 थाना पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपित को फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ से रविवार शाम गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान बिहार के गया निवासी अजय कुमार के रूप में की गई। उसके खिलाफ सेक्टर-56 थाने में लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज है।