हीरो महिला इंडियन ओपन: गोल्फर वाणी कपूर तीसरे दौर के बाद टॉप पर, 10 साल बाद भारत के लिए इतिहास रचने का मौका
गोल्फर वाणी कपूर हीरो महिला इंडियन ओपन के तीसरे दौर के बाद शीर्ष पर हैं, जिससे उन्हें एक दशक बाद भारत के लिए खिताब जीतने का ऐतिहासिक अवसर मिला है।
-1792906116480_m.webp)
आज वाणी कपूर के पास इतिहास रचने का मौका। जागरण
HighLights
वाणी कपूर हीरो महिला इंडियन ओपन में शीर्ष पर काबिज।
तीसरे दौर के बाद पांच अंडर 211 का कुल स्कोर।
भारत को एक दशक बाद खिताब दिलाने का मौका।
आदित्य राज, गुरुग्राम। गोल्फ में धैर्य और निरंतरता का फल मिलने में समय लगता है। भारतीय गोल्फर वाणी कपूर के पास अब अपने लंबे संघर्ष को ऐतिहासिक उपलब्धि में बदलने का मौका है।
डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में चल रहे पांच लाख अमेरिकी डॉलर पुरस्कार राशि वाले हीरो महिला इंडियन ओपन में शनिवार को तीसरे दौर के बाद वाणी ने बढ़त बना ली। वह तीन दौर में पांच अंडर 211 के कुल स्कोर के साथ शीर्ष पर हैं।
आज अंतिम दौर में जीत दर्ज कर वह एक दशक बाद इस प्रतिष्ठित खिताब को भारत वापस दिलाने की कोशिश करेंगी। इससे पहले अदिति अशोक ने 2016 में यह खिताब जीता था।
वाणी ने तीसरे दौर में तीन अंडर 69 का स्कोर किया। उनकी बढ़त हालांकि बेहद मामूली है। सिंगापुर की गत चैंपियन शैनन टैन और थाईलैंड की पोर्नानान्ग फाटलम चार अंडर 212 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। ऐसे में अंतिम दौर में छोटी-सी चूक भी खिताब की दौड़ का रुख बदल सकती है।
प्रणवी उर्स और त्वेसा मलिक भी खिताब की दौड़ में
बीमारी और थकान से जूझ रहीं प्रणवी उर्स ने तीसरे दौर में 73 का स्कोर किया। वह अर्जेंटीना की मैग्डालेना सिमरमाकर के साथ तीन अंडर 213 के कुल स्कोर पर संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। प्रणवी ने पहले दो दौर में 70-70 का स्कोर किया था।
एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनके पास एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का अवसर है। त्वेसा मलिक ने तीसरे दौर में एक अंडर 71 का स्कोर किया। वह एक अंडर 215 के कुल स्कोर के साथ आठवें स्थान पर हैं।
गत चैंपियन शैनन की दमदार वापसी
शुरू में 77 का निराशाजनक स्कोर करने वाली शैनन टैन ने शानदार वापसी की है। उन्होंने पहले नौ होल में पांच बर्डी लगाईं, लेकिन कलाई में खिंचाव के कारण अंतिम नौ होल में खुलकर नहीं खेल सकीं।
वहीं, तीन बार की चैंपियन पोर्नानान्ग फाटलम भी खिताब की प्रबल दावेदार बनी हुई हैं। आज वाणी कपूर, शैनन टैन और पोर्नानान्ग फाटलम की शीर्ष समूह में सुबह 11 बजे से खेल की शुरुआत होगी।
