जिले में चार लाख से अधिक घरों तथा प्रतिष्ठानों में झंडा फहराने का लक्ष्य
जिले में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोग तेजी से जागरूक हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों के नाम की गई अपील अब जिले में जन आंदोलन का रूप ले रही है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: जिले में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोग तेजी से जागरूक हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों के नाम की गई अपील अब जिले में जन आंदोलन का रूप ले रही है। हर कोई हर घर तिरंगा अभियान को लेकर उत्साहित है। सभी इस अभियान में अपनी भागीदारी निभाने को लेकर तैयार हैं।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिले में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ को अविस्मरणीय बनाने को लेकर तैयारियां चल रही हैं। 13 से 15 अगस्त के बीच प्रत्येक घर, दुकान और प्रतिष्ठान में तिरंगा फहराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का यह प्रयास है कि कोई भी ऐसी शासकीय-अशासकीय इमारत न बचे जिस पर तिरंगा न लहरा रहा हो। विभिन्न सामाजिक संगठन तथा निजी संस्थान की भी सहायता इस काम में ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान में जन-जन को जोड़ने को लेकर भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि जिले में चार लाख से अधिक घरों तथा प्रतिष्ठानों में झंडा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन के साथ सभी लोग इस अभियान में सहभागी बनने को तैयार हैं।