टोल प्लाजा पर आधे घंटे में फिर फेल हुआ ट्रायल
खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर शुक्रवार को भी दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे तक एक लेन से कैश वाले वाहनों को निकालने का ट्रायल फेल हो गया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर शुक्रवार को भी एक लेन से कैश वाले वाहनों को निकालने का ट्रायल फेल हो गया। आधे घंटे में ही आधा किलोमीटर से अधिक दूरी तक जाम लग गया। इसे देखते हुए ट्रायल बंद कर दिया गया।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे स्थित खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर अगले 30 दिन के भीतर नई व्यवस्था लागू की जानी है। इसके तहत दोनों तरफ की एक-एक लेन ही कैश वाले वाहनों के लिए निर्धारित की जाएगी। यह व्यवस्था पहले 15 जनवरी से ही लागू होनी थी लेकिन बार-बार जाम लगने की समस्या को देखते हुए समय बढ़ा दिया गया है।
अब अगले 30 दिनों तक प्रतिदिन कुछ समय के लिए ट्रायल आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसी दिशा में शुक्रवार को भी दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे तक ट्रायल किया गया लेकिन आधे घंटे के भीतर फेल हो गया। टोल प्लाजा प्रबंधक राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि ट्रायल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उनसे कहा जा रहा है कि वे फास्टैग ले लें। इससे उन्हें ही सुविधा होगी। यदि सभी कैश वाले वाहनों में फास्टैग लग जाए फिर टोल प्लाजा पर ट्रैफिक का दबाव लगभग खत्म हो जाएगा। साथ ही लोग फास्टैग रिचार्ज कराने पर ध्यान दें।