एजेंसी से भेजे जाएंगे प्रॉपर्टी टैक्स बिल
नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स बिल और नोटिस अब एजेंसी द्वारा भेजे जाएंगे। इसके लिए नगर निगम द्वारा एक एजेंसी से अनुबंध करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 20 मई को टेंडर खुलेगा।
जासं, गुरुग्राम: नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स बिल और नोटिस अब अलग एजेंसी द्वारा भेजे जाएंगे। इसके लिए नगर निगम द्वारा एक एजेंसी से अनुबंध करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 20 मई को टेंडर खुलेगा। लगभग एक साल पहले तक एजेंसी के जरिए ही लोगों को उनके प्रतिष्ठानों और घरों पर नोटिस व बिल भेजे जा रहे थे। लेकिन बीच में बिल ऑनलाइन भेजे जाने लगे थे। जेडटीओ दिनेश कुमार ने बताया कि अब एजेंसी के द्वारा ही बिल भेजे जाएंगे। बता दें कि पुराने सर्वे के मुताबिक शहर में करीब 3.76 लाख संपत्तिधारक हैं। हालांकि वास्तविक संख्या पांच लाख से ज्यादा है, लेकिन नए संपत्तिधारक प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे पूरा होने के बाद ही लिस्ट में शामिल किए जाएंगे। एक एजेंसी द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे किया जा रहा था, लेकिन लॉकडाउन होने के कारण फिलहाल सर्वे बंद है।