दो औरतों ने खटखटाया दरवाजा, काम मांगने के बहाने कर दिया कांड, लुट गया परिवार
वारदात से बचने के लिए किसी को काम पर रखने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी हासिल करें। पुलिस जांच कराएं। इसके बाद भी उसे घर के अंदर प्रवेश करने दें।
गुरुग्राम, जेएनएन। यदि दो-तीन महिलाएं एक साथ आपके घर में अचानक काम मांगने के लिए पहुंच जाएं तो सावधान हो जाइए। हो सकता है काम करने के बहाने ये महिलाएं आपके गहने व पैसे चोरी करके फरार हो जाएं। पिछले डेढ़ महीने के दौरान पालम विहार इलाके में इस तरह की दो वारदातें हो चुकी हैं। वारदात से बचने के लिए किसी को काम पर रखने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी हासिल करें। पुलिस जांच कराएं। इसके बाद भी उसे घर के अंदर प्रवेश करने दें।
महिलाओं को काम पर रख लिया
पिछले महीने 12 सितंबर को सेक्टर 23 के मकान नंबर 2517 में दो महिलाएं पहुंचीं थीं। उनमें एक बुजुर्ग थी। दोनों ने कहा कि उन्हें काम चाहिए। दो दिन पहले ही घरेलू सहायिका काम छोड़कर चली गई थी, इस वजह से मकान मालिक ने दोनों से अधिक पूछताछ न करते हुए काम पर रख लिया।
पूरी जानकारी थी
मकान मालकिन मूर्ति गहलौत ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने उनके परिवार के सभी सदस्यों को कुछ देर बात में उलझा कर रखा। उस दौरान दूसरी महिला सफाई का काम कर रही थी। कुछ देर के बाद दोनों महिलाएं कल से समय पर आने की बात कहकर चली गईं। उनके जाने के बाद देखा कि आलमारी से सारे गहने गायब थे। यहां तक एक पर्स में रखे गहने भी गायब थे। इससे यह भी लगता है कि उनकी घरेलू सहायिका से दोनों की जान-पहचान रही होगी क्योंकि जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया, इससे साफ है कि दोनों महिलाओं को सामान कहां रखा है, पूरी जानकारी थी।
जल्द ही सच्चाई सामने आएगी
ठीक इसी तरह की घटना मंगलवार को भी इलाके में हुई। इस बारे में पालम विहार थाना प्रभारी विक्रम नेहरा का कहना है कि दो वारदात एक तरह की हुई। इससे लगता है कि दोनों महिलाओं का गिरोह है। नजदीक कापसहेड़ा का इलाका है। उसके ऊपर नजर है। 12 सितंबर को चोरी करने वाली महिलाओं की फोटो सीसीटीवी कैमरों में कैद है। उससे पहचान करने में आसानी होगी। जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।