गांव माकडौला की कविता बनी खेल विभाग में उप निदेशक
गांव माकरौला की बहू कविता को हरियाणा खेल विभाग में उप निदेशक के पद नियुक्ति हुई है। 2014 एशियन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला कबड्डी टीम की सदस्य थी और वह टीम में ऑल राउंडर खिलाड़ी के तौर पर खेल रही थी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गांव माकडौला की बहू कविता देवी की नियुक्ति हरियाणा खेल विभाग में उपनिदेशक पद हुई है। कविता 2014 में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य थीं। वह टीम में ऑलराउंडर खिलाड़ी के तौर पर खेल रहीं थीं। उनके शानदार प्रदर्शन के बल पर देश की टीम ने पदक जीतने में कामयाबी हासिल की थी।
वर्ष 2012 में आयोजित प्रथम महिला विश्व कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की भी स्टार खिलाड़ी कविता रही थीं। उनका कहना है कि नौकरी पाने के लिए उन्हें लंबा संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने कहा अब उन्हें मौका मिला है कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने में अपना योगदान दे सकें। इस दिशा में वह पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि 2014 एशियन खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और उसी समय से उन्हें नौकरी का इंतजार था, लेकिन नहीं मिली। इसके लिए उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा था।
अब अदालत के आदेश के बाद उन्हें खेल विभाग में उप निदेशक पद पर नियुक्ति मिली है। वकील आफताब सिंह खारा ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने प्रदेश सरकार को खेल विभाग में उप निदेशक के पद पर कविता की नियुक्ति के संबंध में आदेश दिए थे। इसी आधार पर उन्हें यह नौकरी मिली है।