खेलो इंडिया: झारखंड को हरा हरियाणा हॉकी टीम बनी चैंपियन
गुवाहाटी में चल रहे खेलो इंडिया में हरियाणा अंडर 21 हॉकी टीम ने खिताब जीत लिया।
अनिल भारद्वाज, गुरुग्राम
गुवाहाटी में चल रहे खेलो इंडिया में हरियाणा अंडर-21 लड़कियों की हॉकी टीम ने खिताब जीत लिया। मंगलवार को फाइनल मुकाबले में हरियाणा टीम ने झारखंड टीम को 5-3 से हराकर खिताब हासिल किया। प्रशिक्षक आजाद सिंह मलिक ने बताया कि दोनों टीमों के बीच तीन राउंड तक जोरदार टक्कर रही। तीन राउंड में दोनों टीमें 3-3 से बराबरी पर थीं। चौथे राउंड में हरियाणा टीम ने तेजतर्रार खेल खेलते हुए बढ़त बनाकर जीत सुनिश्चित की।
आजाद ने कहा कि हरियाणा टीम की तरफ से पहला गोल रीत ने दाग कर टीम को शानदार शुरुआत दी। अन्नू ने दूसरा गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। तीसरा गोल महिमा चौधरी ने किया और स्कोर 3-3 पर पहुंचा दिया। चौथे राउंड में अन्नू ने अपना दूसरा गोल किया और गगनदीप ने पांचवां गोल दागकर हरियाणा टीम की जीत पक्की की।
खेलो इंडिया में अंडर-17 लड़कियों की हॉकी टीम ने सोमवार को झारखंड को फाइनल में हराकर खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले के दौरान हरियाणा खेल विभाग की सहायक निदेशक सुनीता खत्री भी उपस्थित थीं। खत्री ने कहा कि हमारी चार टीमें खेलो इंडिया में खेल रही थीं और तीन पदक जीतने में हम कामयाब रहे। लड़कों की हॉकी टीम ने जीता रजत पदक
हरियाणा अंडर-21 लड़कों की टीम ने रजत पदक जीता है। मंगलवार को फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश टीम के साथ खेला गया और दोनों टीमों के बीच मैच ड्रा खेला रहा। चार राउंड चले मैच के तय समय में कोई टीम एक भी गोल नहीं कर सकी, जिसके बाद दोनों टीमों के बीच पेनल्टी शूटआउट कराया गया। उत्तर प्रदेश टीम 3-2 से मुकाबला जीतने में कामयाब रही।