यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहरेदारी के बीच कुछ लोगों ने सोसायटी में जबरन घुसने का किया प्रयास
सोहना रोड स्थित जेएमडी गार्डन सोसायटी में निवासियों ने गेट पर कड़ी पहरेदारी शुरू कर रखी है। इस पहरेदारी के बीच कुछ लोग जबरन रात के समय सोसायटी में घुस गए। इनमें से एक व्यक्ति को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया।

संवाद सहयोगी, बादशाहपुर : सोहना रोड स्थित जेएमडी गार्डन सोसायटी में निवासियों ने गेट पर कड़ी पहरेदारी शुरू कर रखी है। इस पहरेदारी के बीच कुछ लोग जबरन रात के समय सोसायटी में घुस गए। इनमें से एक व्यक्ति को पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर जबरन सोसायटी में प्रवेश करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है। सोसायटी की आरडब्ल्यूए व बिल्डर के बीच हैंड ओवर को लेकर चल रहे विवाद के कारण महिलाएं व बच्चे दहशत के माहौल में हैं। बिल्डर प्रबंधन के खौफ के कारण सभी लोगों ने रात को भी गेट पर ही टेंट लगाकर पहरेदारी देने का निर्णय लिया है।
जेएमडी गार्डन की मेंटेनेंस का काम बिल्डर प्रबंधन पिछले 10 साल से खुद ही देख रहा था। अब निवासियों ने आरडब्ल्यूए का गठन कर बिल्डर से मेंटेनेंस का कार्यभार लेने के लिए कहा। बिल्डर प्रबंधन कार्यभार देने के लिए टालमटोल करता रहा। 26 अक्टूबर 2019 से सोसायटी के निवासी जिला नगर योजनाकार को बिल्डर से कार्यभार दिलाए जाने का आग्रह कर रहे थे। कई बार पत्र लिखे जाने के बाद जिला नगर योजनाकार ने 19 दिसंबर 2020 को बिल्डर को आरडब्ल्यूए को कार्यभार सौंपने के आदेश किए। इसके बाद आरडब्ल्यूए ने 21 दिसंबर को कार्यभार ले लिया। पूरी सोसायटी का हैंड ओवर लेने के बाद भी निवासियों में दहशत का माहौल है। सभी लोगों ने एकत्रित होकर माहौल शांत न होने तक गेट पर ही पहरेदारी देने का निर्णय लिया।
मंगलवार रात करीब 12 बजे कुछ लोग सोसायटी में जबरन घुस गए। लोगों ने जब उनको पकड़ने का प्रयास किया तो काफी हंगामा हो गया। दो पुलिसकर्मी गेट पर ही मौजूद थे। उन्होंने भी सोसायटी में घुसने वाले लोगों को रोकने का प्रयास किया। बाद में लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कई लोग तो इधर-उधर खिसक गए। एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
---
रात को जबरन कुछ लोग सोसायटी में घुस गए। एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन का सभी निवासियों को पूरा सहयोग मिल रहा है। सभी निवासी माहौल ठीक नहीं होने तक गेट पर ही डटे रहेंगे। हम अब बिल्डर के गुंडों से किसी भी तरीके से डरने वाले नहीं हैं।
-राजकुमार, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, जेएमडी गार्डन, सेक्टर-33