विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रस्सी से बंधे हाथ और मुंह पर टेप... गुरुग्राम में टीचर की पत्नी की बेरहमी से हत्या; बाथरूम में मिली लाश

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:48 PM (IST)

सोहना के दौला गांव में एक 35 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला के हाथ बंधे थे ...और पढ़ें

मृतक नीतू। फोटो: फाइल

मृतक नीतू। फोटो: फाइल

HighLights

  1. दौला गांव में 35 वर्षीय महिला की हत्या

  2. हाथ बंधे मिले, चेहरे पर टेप चिपकी

  3. चोरी की आशंका, पुलिस कर रही जांच

जागरण संवाददाता, सोहना। दौला गांव में शुक्रवार को घर के अंदर 35 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई।

महिला के हाथ पीछे की तरफ रस्सी से बंधे हुए थे और चेहरे पर खाकी रंग की पैकिंग टेप की कई परतें चिपकी थीं। शव घर के पिछले हिस्से में बने बाथरूम में मिला।

घर का सामान बिखरा हुआ था। ऐसे में प्रारंभिक तौर पर वारदात को चोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान नीतू (35) के रूप में हुई है। उनके पति प्रशांत सोहना के पास स्थित आदर्श स्कूल में शिक्षक हैं। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे प्रशांत अपने तीनों बच्चों को लेकर स्कूल गए थे।

दोपहर करीब तीन बजे बच्चों के साथ घर लौटे तो सामान बिखरा मिला। पत्नी कमरे में नहीं दिखी तो तलाश शुरू की। इस दौरान नीतू बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं।

उन्हें सोहना के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध बाइक सवार

सूचना मिलते ही सोहना के एसीपी मुकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

घर के सामने स्थित प्रशांत के ताऊ के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। बताया जा रहा है कि फुटेज में सुबह के समय गली में संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

एक महीने में चोरी की सात घटनाएं, ग्रामीणों में भय

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक महीने में गांव में चोरी की सात घटनाएं हो चुकी हैं। इससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीण नीतू की हत्या को भी चोरी से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

प्रशांत और नीतू की शादी करीब 17 वर्ष पहले हुई थी। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ा बेटा 11वीं कक्षा में, जबकि छोटी बेटी दूसरी कक्षा में पढ़ती है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में THAR सवारों का आतंक, कैब को बार-बार मारी टक्कर; एक्शन में आई पुलिस