विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सोहना में जाम बना जंजाल, बेहाल हुए लोग', विधायक तेजपाल तंवर ने संभाल मोर्चा; तैयार किया ये प्लान

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:16 AM (IST)

विधायक तेजपाल तंवर ने दीवाली पर सोहना में जाम से बचने के लिए यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों ...और पढ़ें

विधायक तेजपाल तंवर ने जाम को लेकर संभाला मोर्चा ( फोटो स्रोत : जागरण )

विधायक तेजपाल तंवर ने जाम को लेकर संभाला मोर्चा ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. विधायक तेजपाल तंवर ने सोहना यातायात का निरीक्षण किया।

  2. दीवाली पर जाम से बचने का लक्ष्य रखा गया।

  3. अधिकारियों को सुचारु यातायात के निर्देश दिए गए।

आदित्य राज, सोहना। दीवाली पर सोहना में लोगों को जाम से जूझना न पड़े, इसके लिए विधायक तेजपाल तंवर ने बुधवार को पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर जाम की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यातायात सुचारु रखने के लिए प्रमुख रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और जरूरी सुधारों के लिए रोडमैप तैयार करने का भरोसा दिया।

रखी गई बदहाल यातायात व्यवस्था की समस्या

विधायक ने दमदमा मोड़, बालूदा रोड, चिल्ड प्वाइंट, अंबेडकर चौक और पहाड़ी रास्ते पर तिकोना पार्क सहित उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां अक्सर जाम लगता है। दो दिन पहले पर्यटक स्थल पर आयोजित बैठक में शहर के लोगों ने विधायक के सामने बदहाल यातायात व्यवस्था की समस्या रखी थी।

लोगों ने बताया था कि शहर में जाम लगना आम बात हो गई है, जिससे रोजाना आवागमन करने वालों को परेशानी होती है। इसके बाद विधायक ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि लोगों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। दिवाली जैसे त्योहार पर शहर में जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था संभालने को प्राथमिकता दें और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाएं।

पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रदीप के साथ मिलकर प्रमुख मार्गों पर यातायात सुधार के लिए रोडमैप तैयार किया गया है। विधायक के साथ एसीपी ट्रैफिक इंदरजीत सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

सफाई और विकास कार्यों पर भी चर्चा

यातायात व्यवस्था का जायजा लेने से पहले विधायक ने नगर परिषद कार्यालय में पार्षदों के साथ बैठक की। इसमें दिवाली के मद्देनजर सफाई-व्यवस्था और विकास कार्यों पर चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि त्योहार के दौरान शहर की सड़कों और रास्तों पर सफाई होनी चाहिए और कहीं भी अंधेरा नहीं रहना चाहिए।

बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुनील कुमार रंगा, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रीति बागड़ी के प्रतिनिधि राजेंद्र बागड़ी सहित कई पार्षद उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया ट्रायल का खौफनाक चेहरा: हर स्क्रीन पर बैठे जज और पत्रकार, बिना सुनवाई के घोंट रहे बेगुनाहों का दम