कोरम पूरा न होने पर साउथ सिटी-टू के कॉलेजियम की बैठक टली
साउथ सिटी-टू आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर होने वाली बैठक कोरम पूरा न होने के कारण टाल दी गई। अब बैठक पहली मार्च को होने की संभावना है।
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर: साउथ सिटी-टू आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर होने वाली बैठक का कोरम पूरा न होने के कारण बैठक टाल दी गई। अब बैठक पहली मार्च को होने की संभावना है। प्रशासक ने सभी कॉलेजियम सदस्यों को इस बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा है।
सोहना रोड स्थित साउथ सिटी-टू सोसायटी में आरडब्ल्यूए के प्रधान व कोषाध्यक्ष ने अपने पदों से अगस्त 2019 में इस्तीफा दे दिया। इन दो पदों के चुनाव कराए जाने के लिए कॉलेजियम की बैठक हुई। इस बैठक में दो पदों का चुनाव कराए जाने की बजाय पूरी कार्यकारिणी भंग करने का निर्णय लिया गया। सभी की सहमति से कार्यकारिणी भंग कर दोबारा से पूरे कार्यकारिणी गठित करने का फैसला हुआ।
फर्म एवं सोसायटी के रजिस्ट्रार आइएस यादव ने एक जनवरी को आरडब्लूए में हमवीर सिंह को बतौर प्रशासक नियुक्त कर दिया। प्रशासक के साथ-साथ हमवीर सिंह को चुनाव अधिकारी भी बनाया गया है। उनको तीन माह में कार्यकारिणी के चुनाव कराए जाने के निर्देश दिए। प्रशासक नियुक्त होने के बाद दो फरवरी को चुनाव कराए जाने को लगभग सभी कॉलेजियम सदस्य तैयार थे। लेकिन उस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया।
साउथ सिटी-टू में 36 कॉलेजियम सदस्य है। इनमें से अभी 31 कॉलेजियम सदस्य कार्यरत हैं, जबकि पांच पूर्व में त्यागपत्र दे चुके हैं। कोरम पूरा करने के लिए कम से कम 40 फीसदी कॉलेजियम का होना जरूरी है। कार्यकारिणी का चुनाव कराए जाने के लिए बुलाई गई बैठक में छह कॉलेजियम सदस्य ही पहुंचे। कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया गया। प्रशासक हमवीर सिंह ने एक मार्च को बैठक बुलाने के लिए सभी कॉलेजियम सदस्यों को उपस्थित रहने के लिए कहा है। अगली बैठक में पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मसौदा तैयार हो सकता है।